वृंदावन परिक्रमा मार्ग का होगा कायाकल्प, 100 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगी आस्था नगरी की तस्वीर
ठाकुर श्री बांकेबिहारी की नगरी वृंदावन में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए परिक्रमा मार्ग का व्यापक कायाकल्प किया जाएगा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) ने करीब 100 करोड़ रुपये की दो प्रमुख परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इसके तहत रमणरेती से निधिवन तक परिक्रमा मार्ग का आधुनिकीकरण किया जाएगा, जबकि अटल्ला चुंगी चौराहे पर 800 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। वहीं मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शहर के यातायात को बेहतर बनाने के लिए 420 करोड़ रुपये की दो नई अवस्थापना परियोजनाओं को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है।
वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर श्री बाँकेबिहारी जी की नगरी वृंदावन में स्थित पावन परिक्रमा मार्ग को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) ने परिक्रमा मार्ग के व्यापक विकास की योजना को स्वीकृति प्रदान की है।
एमवीडीए की उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि वृंदावन परिक्रमा मार्ग केवल एक सड़क नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु श्री बाँकेबिहारी जी के दर्शन के साथ इस पावन लीलाभूमि की परिक्रमा भी करते हैं। वर्तमान में वाहनों, ई-रिक्शा और पैदल श्रद्धालुओं के एक साथ चलने से कई स्थानों पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है। नई योजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक परिक्रमा मार्ग उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण में रमणरेती से निधिवन तक लगभग 3.30 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, जिस पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस परियोजना के तहत ई-रिक्शा, अन्य वाहनों और पैदल परिक्रमार्थियों के लिए अलग-अलग मार्ग विकसित किए जाएंगे। साथ ही फुटपाथ, सुविधा जोन, आरसीसी कवर ड्रेन, भूमिगत बिजली, संचार और अन्य यूटिलिटी सेवाओं का भी विकास किया जाएगा।
परियोजना के दूसरे चरण में अटल्ला चुंगी चौराहे पर लगभग 800 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इस पर करीब 80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह चौराहा परिक्रमा मार्ग का प्रमुख यातायात केंद्र है, जहां अधिकांश समय वाहनों का दबाव बना रहता है। फ्लाईओवर बनने से वाहनों का आवागमन निर्बाध होगा और श्रद्धालु बिना किसी रुकावट के अपनी परिक्रमा पूरी कर सकेंगे।
मथुरा में भी दो बड़ी अवस्थापना परियोजनाओं को मिली मंजूरी
एमवीडीए ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में मथुरा शहर के लिए भी दो महत्वपूर्ण अवस्थापना परियोजनाओं को स्वीकृति दी है।पहली परियोजना के अंतर्गत मछली फाटक से श्रीकृष्ण जन्मभूमि (गेट संख्या-03) तक लगभग 3.50 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 350 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे जन्मभूमि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आवाजाही बेहतर होगी।
दूसरी परियोजना के तहत मसानी कट स्थित कल्याण करोति हॉस्पिटल से रामलीला मैदान होते हुए महाविद्या कॉलोनी स्थित सीएम ग्रिड लिंक रोड तक लगभग 1050 मीटर लंबे लिंक मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ पार्किंग, बाउंड्री वॉल और अन्य जनसुविधाओं का भी विकास होगा। इस परियोजना पर लगभग 70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
एमवीडीए का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से वृंदावन और मथुरा में श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित होगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।