बारिश थमने के घंटों बाद तक रहे जलभराव और जाम से थमा जन-जीवन
आगरा। गुरुवार की शाम आई अचानक तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने एक ओर जहां गर्मी से राहत दी, वहीं शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। करीब एक घंटे की बारिश से आगरा के अधिकांश इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे सड़कों पर लंबा जाम लग गया। बाजारों में पानी भर गया और कई दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
-तेज हवाओं के साथ एक घंटे की बारिश से बाजारों में भरा पानी, दुकानदारों को हुआ भारी नुकसान
शाम 4.30 बजे के बाद मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ बादलों ने शहर को घेर लिया। करीब 5 बजे अंधेरा छा गया और तेज बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कोठी मीना बाजार, एमजी रोड, खंदारी, राजपुर चुंगी और आवास विकास जैसे इलाकों में होर्डिंग और बैनर उखड़कर गिर गए। हालांकि, किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
जगह-जगह जलभराव, बाजारों में घुसा पानी
साकेत कॉलोनी, ट्रांसयमुना कॉलोनी, अलबतिया, तोता का ताल, केदार नगर, राजामंडी, शिवाजी मार्केट सहित दर्जनों इलाकों में जलभराव की समस्या खड़ी हो गई। कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों का माल खराब हो गया। सड़कों पर पानी भरने से पैदल चलना मुश्किल हो गया और लोग गली-मोहल्लों में फंसे नजर आए।
जाम से बेहाल हुए वाहन चालक
एमजी रोड, फतेहाबाद रोड, हाईवे और मारुति एस्टेट जैसे प्रमुख मार्गों पर मेट्रो कार्य पहले से ही यातायात को धीमा कर रहा है, उस पर जलभराव ने स्थिति और गंभीर बना दी। जगह-जगह वाहन रेंगते नजर आए। कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लोगों की परेशानी का कारण बना।
हर बार बहते नजर आते हैं नगर निगम के दावे
नगर निगम के दावे बारिश के साथ बहते नजर आए। बारिश की हर बौछार के साथ शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल जाती है। नालियों की सफाई न होने और सड़क किनारे जलभराव की उचित व्यवस्था न होने से स्थिति हर बार और बदतर होती जा रही है।