पालीवाल पार्क की पेयजल टंकी से दिक्कत क्या है जो इसे बार-बार छेड़ा जा रहा है, कौन हैं ये लोग?

आगरा। वे कौन से शरारती तत्व हैं जो शहर के पालीवाल पार्क में निरंतर ऐसी हरकतें कर रहे हैं, जो मुसीबतें पैदा करती हैं। पूर्व विधायक स्व. जगन प्रसाद गर्ग की विधायक निधि से पार्क में स्थापित सबमर्सिबल पंप और उससे जुड़ी पेयजल टंकी एक बार फिर धराशायी कर दी गई। यह वही टंकी है जिससे सुबह टहलने आने वाले भ्रमणकारियों को पेयजल मिलता था और साथ ही पार्क में पेड़-पौधों की सिंचाई भी होती थी। 

Aug 21, 2025 - 10:57
 0
पालीवाल पार्क की पेयजल टंकी से दिक्कत क्या है जो इसे बार-बार छेड़ा जा रहा है, कौन हैं ये लोग?
पालीवाल पार्क में उखड़ी पड़ी पानी की टंकी, जिसे फिर से यथास्थान स्थापित कर दिया गया है।

एक माह से कटा पड़ा है बिजली कनेक्शन

पालीवाल पार्क परिवार के पर्यावरण प्रहरी प्रदीप खंडेलवाल ने बताया कि यह टंकी लंबे समय से निष्प्रयोज्य पड़ी हुई थी क्योंकि सबमर्सिबल का विद्युत संयोजन विगत एक माह पहले काट दिया गया था। इसका कारण अब तक अज्ञात है, लेकिन विगत दिवस जब लोग पार्क में टलहने के लिए पहुंचे तो देखा कि पानी की टंकी प्लेटफॊर्म से गिरा दी गई थी। इसके पानी के पाइप भी टूटे पड़े थे।

पहले भी हो चुकी है टंकी चोरी

गौरतलब है कि दो वर्ष पूर्व भी ठीक ऐसी ही घटना घटी थी। उस समय तो टंकी ही चोरी हो गई थी। उस समय भी अनेक शिकायतों के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया था। बाद में ईको क्लब के सदस्यों ने खुद इस टंकी की तलाश की जो पालीवाल पार्क स्थित उद्यान विभाग के गोदाम से बरामद हुई। तत्कालीन उपनिदेशक उद्यान ने तत्काल कार्रवाई कर टंकी को पुनः स्थापित कराया था और इसका विद्युत संयोजन भी कराया था।

जिम्मेदारी कौन लेगा?

इस बार टंकी गायब तो नहीं हुई, लेकिन उसमें तोड़फोड़ अवश्य हुई। जाहिर सी बात है कि यह यहां के ही कुछ लोगों का कृत्य। है। सवाल यह है कि जो लोग पानी की इस टंकी से छेड़छाड़ करते हैं, उन्हें इस टंकी से क्या तकलीफ है। टंकी से लोग पानी तो पीते ही हैं, पेड़ों की सिंचाई भी हो जाती है। इस बार भी जिम्मेदार उद्यान विभाग और अधिकारी खामोश हैं। पार्क आने वाले लोग पूछ रहे हैं कि आखिर जब जनहित से जुड़ा मुद्दा है तो बिजली कनेक्शन क्यों काटा गया और टंकी को क्यों गिराया गया।

तुरंत स्थापित हो टंकी

पालीवाल पार्क परिवार के सदस्यों और स्थानीय पर्यावरण प्रेमियों का साफ कहना है कि तुरंत विद्युत संयोजन कराया जाए और टंकी को दोबारा स्थापित किया जाए, अन्यथा भ्रमणकारियों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

प्रदीप खंडेलवाल ने बताया कि प्लेटफार्म से उखाड़कर गिराई गई पानी की टंकी पुनः स्थापित करा दी है, लेकिन बिजली का कनेक्शन न न होने के कारण यह उपयोग के लायक नहीं है। उन्होंने इसकी शिकायत और सूचना उद्यान विकास समिति के सभी सदस्यों, राजकीय उद्यान अधीक्षक, उपनिदेशक उद्यान आगरा, उपाध्यक्ष एवं जिलाधिकारी आगरा तथा मंडलायुक्त एवं अध्यक्ष उद्यान विकास समिति को भी भेजी है।

SP_Singh AURGURU Editor