जब ऐश्वर्या राय ने गाना गाकर उड़ा दिए थे सबके होश, सुरीली आवाज पर फिदा हो गए थे फारुख शेख भी
ऐश्वर्या राय टैलेटेंड एक्ट्रेस ही नहीं बल्कि सिंगर भी हैं और इसकी बानगी तब देखने को मिली थी, जब एक बार वह फारुख शेख की टीवी शो 'जीना इसी का नाम है' में पहुंची थीं। वहां उन्होंने 'मेरी सांसों में बसा है' गाना गाया, तो सुरीली आवाज पर सब फिदा हो गए थे।
मुंबई। ऐश्वर्या राय वैसे तो फिल्मी पर्दे से काफी लंबे समय से दूर हैं, पर वह लगातार चर्चा में बनी रहती हैं। इस वक्त वह अपने एक पुराने वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं, जो चर्चा में छाया हुआ है। यह तब की बात है, जब ऐश्वर्या कई साल पहले एक्टर फारुख शेख के शो 'जीना इसी का नाम है' में गई थीं। सभी जानते हैं कि ऐश्वर्या कमाल की एक्ट्रेस हैं, पर वह बहुत ही जबरदस्त सिंगर भी हैं, यह बात बहुत ही कम लोगों को पता है। फारुख शेख के सामने जब ऐश्वर्या के को-स्टार और एक्टर चंद्रचूड़ सिंह ने यह खुलासा किया था, तो सब हैरान रह गए थे। और जब ऐश्वर्या ने गाना शुरू किया तो आवाज सुन सबका मुंह खुला रह गया था।
ऐश्वर्या राय और चंद्रचूड़ सिंह ने फिल्म 'जोश' में साथ काम किया था। फारुख शेख ने जब चंद्रचूड़ सिंह से 'जोश' के सेट का कोई मजेदार किस्सा सुनाने को कहा, तो एक्टर ने बताया था कि ऐश्वर्या बहुत ही कमाल का गाती हैं। वह बोले थे, 'ऐश्वर्या बहुत ही अच्छी सिंगर हैं और बहुत से लोग यह बात नहीं जानते।'
यह सुनकर ऐश्वर्या ने कहा था कि चंद्रचूड़ सिंह भी बहुत अच्छा गाते हैं। इसके बाद फारुख शेख ने ऐश्वर्या और चंद्रचूड़ से कुछ गाकर सुनाने को कहा था। काफी मनाने के बाद ऐश्वर्या तैयार हो गईं और उन्होंने 'मेरी सांसों में बसा है तेरा ही एक नाम' गाना गाया था। जब ऐश्वर्या ने गाना शुरू किया तो सेट पर शांति छा गई थी और हर कोई मंत्रमुग्ध होकर उन्हें ही सुन रहा था। बाद में चंद्रचूड़ ने भी ऐश्वर्या के साथ मिलकर गाया और अपनी आवाज से सबको हैरान कर दिया था।
'जोश' को मंसूर खान ने डायरेक्ट किया था और यह साल 2000 में रिलीज हुई थी। फिल्म में ऐश्वर्या और चंद्रचूड़ सिंह के अलावा शाहरुख खान भी थे। वह फिल्म में ऐश्वर्या के भाई बने थे। वहीं चंद्रचूड़ सिंह, ऐश्वर्या के प्रेमी के रोल में थे। फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हुई थी।
ऐश्वर्या अभी भी फिल्मों में एक्टिव हैं पर कभी-कभी स्क्रीन पर नजर आती हैं। उनकी पिछली बार साल 2023 में आई फिल्म 'पोन्नियिन सेलवन-पार्ट 2' में नजर आई थीं। उसके बाद से एक्ट्रेस ने कोई नया प्रोजेक्ट अनाउंस नहीं किया है। वहीं, चंद्रचूड़ सिंह भी काफी समय से एक्टिंग से दूर हैं। वह साल 2022 में अक्षय कुमार स्टारर 'कठपुतली' में नजर आए थे। पिछले साल उनकी फिल्म 'बयान' आई, पर उसे अभी तक सिर्फ टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में ही प्रीमियर किया गया है।