डीएम ने औद्योगिक इकाइयां चेक कराईं तो अनुदानित यूरिया के दुरुपयोग का कोई मामला नहीं मिला

आगरा। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के निर्देश पर मंगलवार को औद्योगिक इकाईयों में अनुदानित यूरिया के दुरुपयोग की आशंका को लेकर तीन टीमों से चेकिंग कराई गई। किसी भी इकाई में गड़बड़ी नहीं मिली।

Aug 12, 2025 - 18:32
 0
डीएम ने औद्योगिक इकाइयां चेक कराईं तो अनुदानित यूरिया के दुरुपयोग का कोई मामला नहीं मिला
आगरा में मंगलवार को एक औद्योगिक इकाई का निरीक्षण करते कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारी।

इन टीमों में अपर नगर मजिस्ट्रेट (प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय), उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त, सहायक निबन्धक (सहकारिता), उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी एत्मादपुर तथा उद्योग विभाग के अधिकारी सम्मिलित थे।

टीमों ने फाउंड्री नगर, रामबाग, कुबेरपुर, फतेहाबाद रोड, शास्त्रीपुरम, सिकन्दरागढ़ आदि प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में कुल दस औद्योगिक इकाईयों का निरीक्षण किया। जिनमें प्रमुख इकाईयां मैं. अनिल पेन्टस, मैं. मिली अग्रवाल, मैं. बंसल एग्रो फूड, मैं. शक्ति फीड्स, मैं. विन्को पेन्टस, मैं. बालमुकुन्द रमेशचन्द सोप मैन्यूफेक्चर, मैं. सेफकोन लाई साइंसेस, मैं. स्टक कैमिकल प्राइवेट लिमिटेड, मैं. श्री आरआर बायोफ्यूल इंडस्ट्रीज और मैं. सलीन पेन्टस शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान जांच की गई कि कहीं चिन्हित उत्पादों के निर्माण में नाईट्रोजिनस कम्पाउंड या फार्मेल्डीहाइड यूरिया के स्थान पर अनुदानित यूरिया का दुरुपयोग तो नहीं हो रहा। इसके अलावा अनुदानित नीम कोटेड यूरिया के अवैध प्रयोग की भी जांच की गई।

गठित टीमों ने बताया कि छापामार कार्रवाई और जांच के दौरान उक्त दस इकाईयों में किसी भी प्रकार से अनुदानित यूरिया के दुरुपयोग या डायवर्जन के कोई प्रकरण नहीं पाए गए। सभी इकाईयां नियमानुसार अपने उत्पादन कार्य कर रही हैं। बाकी औद्योगिक इकाईयों का निरीक्षण भी जल्द ही जारी रहेगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस दिशा में सतर्कता बनाये रखें तथा किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करें।

SP_Singh AURGURU Editor