जब डीएम ने खटखटाया घर का दरवाजा, 04 दिसंबर से पहले फॉर्म भरने का आग्रह
आगरा। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधानसभा-वार बूथों पर तैनात बीएलओ की प्रगति, हेल्प डेस्क, एवं गणना पत्रों के वितरण, संकलन और डिजिटाइजेशन की कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही जिलाधिकारी ने दरवाजा खटखटा कर लोगों से फार्म भरवाए।
हेल्प डेस्क से लेकर घर-घर तक सक्रिय प्रशासन, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 9 दिसंबर को
आगरा। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधानसभा-वार बूथों पर तैनात बीएलओ की प्रगति, हेल्प डेस्क, एवं गणना पत्रों के वितरण, संकलन और डिजिटाइजेशन की कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही जिलाधिकारी ने दरवाजा खटखटा कर लोगों से फार्म भरवाए।
जिलाधिकारी ने नगर निगम के 50, एडीए के 08, उद्यान विभाग के 11, पशुपालन विभाग के 10 तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के 203 बीएलओ की कार्यप्रगति पर संबंधित विभागाध्यक्षों को कड़ी निगरानी रखने और प्रतिदिन रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने शहर में स्थापित मतदाता हेल्प डेस्क, फीडिंग सेंटर व फील्ड में कार्यरत बीएलओ और सुपरवाइजरों से सीधा संवाद कर कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। 89-आगरा नॉर्थ विधानसभा के कंपोजिट स्कूल, न्यू आगरा पहुंचकर जिलाधिकारी ने हेल्प डेस्क पर मतदाताओं के गणना प्रपत्र स्वयं भरवाए और जनता को जागरूक किया।
उन्होंने न्यू आगरा क्षेत्र में घर-घर संपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से आग्रह किया कि वे 04 दिसंबर का इंतजार न करते हुए गणना प्रपत्र भरकर तुरंत बीएलओ को उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई मतदाता घर पर न मिले तो परिवार का अन्य सदस्य सभी सदस्यों के हस्ताक्षरित फॉर्म बीएलओ को दे सकता है। जिन मतदाताओं के फॉर्म समय पर उपलब्ध हो जाएंगे, उनके नाम 09 दिसंबर को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल कर लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशन 09 दिसंबर 2025, दावा/आपत्ति की अंतिम तिथि 08 जनवरी 2026 है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 फरवरी 2026 किया जाएगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे गणना प्रपत्र ध्यानपूर्वक भरें, हस्ताक्षर करें और बीएलओ को तत्काल वापस दें। किसी भी समस्या की स्थिति में बूथ पर स्थापित हेल्प डेस्क या https://voters.eci.gov.in पोर्टल से सहायता प्राप्त की जा सकती है।
बैठक में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव, सहायक नगर आयुक्त शिशिर सिंह सहित सभी एईआरओ, ईआरओ एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।