जब चंबल नदी में नाविकों ने अपनी नावें पानी में डुबो दीं, आख़िर क्यों ?

पिनाहट। थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव क्योरी चंबल नदी घाट पर आज पुलिस और वन विभाग की टीम की संयुक्त कार्रवाई से अवैध रूप से नावों का संचालन करने वालों में अफ़रातफ़री मच गई। संचालक नावों को पानी में डुबोकर भाग गए।

Nov 5, 2024 - 22:38
 0
जब चंबल नदी में नाविकों ने अपनी नावें पानी में डुबो दीं, आख़िर क्यों ?

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के कुछ लोगों द्वारा तीन अवैध नावों का संचालन किया जा रहा था। इन नावों के माध्यम से नदी पार करने वाले दोपहिया वाहन चालकों और यात्रियों से प्रति व्यक्ति 100 से 200 रुपए तक की वसूली की जा रही थी। इस अवैध गतिविधि के बावजूद पुलिस और वन विभाग की ओर से इस पर कोई निगरानी नहीं रखी जा रही थी।

कुछ दिन पहले क्योरी घाट पर यात्रियों को जान जोखिम में डालते हुए, उनकी बाइकों सहित नदी पार कराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस मामले को न्यूज वेबसाइट aurguru.com ने प्रमुखता के साथ उठाया था। उसके बाद प्रशासन हरकत में आया और मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया। इसके परिणामस्वरूप, मंगलवार को पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध नाव संचालन पर छापेमारी की।

प्रशासनिक टीम को मोटर बोट में देखकर नाव संचालकों में अफरातफरी मच गई। वे मध्य प्रदेश की सीमा में भागने लगे और पुलिस व वन विभाग की टीम के पीछा करने पर तीनों नावों को पानी में डुबो दिया। इसके बाद, मध्य प्रदेश सीमा में पुलिस और वन विभाग की टीम ने एक नाव को क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके पर मिले चप्पुओं और अन्य सामान को कब्जे में ले लिया।

इस छापेमारी के दौरान कुछ लोगों को भविष्य में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इस पूरी कार्रवाई में वन विभाग के रेंजर शुभम आनंद सिंह और उप निरीक्षक विनोद कुमार समेत पुलिस और वन विभाग के कई कर्मी मौजूद रहे।