जब छात्रा बैठी इंस्पेक्टर की कुर्सी पर, जानिए पलक ने कैसे चलाया आगरा का फतेहपुर सीकरी थाना
फतेहपुर सीकरी (आगरा)। फतेहपुर सीकरी थाना परिसर का माहौल गुरुवार को बेहद अलग नज़र आया। पुलिस वर्दी की जगह स्कूल की ड्रेस में आई लाल रामचरण इंटर कॉलेज की छात्रा पलक गोयल जब प्रभारी निरीक्षक की कुर्सी पर बैठी, तो हर किसी के चेहरे पर उत्सुकता और उत्साह झलक उठा। उत्तर प्रदेश सरकार के महिला सशक्तिकरण मिशन शक्ति फेस 5 के तहत यह अनोखा प्रयोग हुआ, जिसमें पलक ने न सिर्फ फरियादियों की बातें सुनीं बल्कि पुलिस जैसी दृढ़ता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई के आदेश भी दिए।

फतेहपुर सीकरी के थाना प्रभारी के रूप में पुलिस अधिकारी को निर्देशित करती पलक गोयल।
25 सितंबर को फतेहपुर सीकरी थाने में जैसे ही दिन की शुरुआत हुई, छात्रा पलक गोयल ने प्रभारी निरीक्षक की कुर्सी संभाली और एक-एक कर फरियादियों को सुनना शुरू किया। सबसे पहले समरीन कुरैशी पुत्री रईस अहमद निवासी मोहल्ला तालाब फतेहपुर सीकरी आईं। समरीन ने बताया कि 7 नवंबर 2023 को उसका निकाह हुआ था, जिसके बाद से ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग कर उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। पलक ने संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रार्थना पत्र लिया और तत्परता से मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।
इसके बाद जमानत सत्यापन का एक आवेदन आया, जिसमें वीर सिंह पुत्र भगवान सिंह निवासी जाजऊ का मामला सामने आया। पलक ने सब इंस्पेक्टर को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत सौनोठी से भी कुछ महिलाएं पहुंचीं और एक विवादित भूमि के मामले की थाना प्रभारी के रूप में पलक गोयल को जानकारी दी। पलक ने गंभीरता से शिकायत सुनी और संबंधित मामले की जांच कराने का आदेश दिया।
प्रभारी निरीक्षक आनंद वीर ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मिशन शक्ति फेस 5 के तहत छात्राओं को यह अवसर दिया जा रहा है, ताकि वे न केवल पुलिस कार्यप्रणाली को समझ सकें, बल्कि खुद भी महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बन सकें।
इस दौरान थाने में मौजूद सब इंस्पेक्टर सोन, सुधांशु बाजपेई, महिला सब इंस्पेक्टर कल्पना शर्मा, आकांक्षा चौहान, कोमल मलिक, स्वाति कुमारी, आरक्षी कोमल, सब इंस्पेक्टर शुभम, इंस्पेक्टर क्राइम अरविंद तोमर और कस्बा प्रभारी विवेक बालियान ने भी छात्रा पलक गोयल का हौसला बढ़ाया।