मुसलमान का मुद्दा आता है तो अखिलेश का एक्स भी खामोश हो जाता है- मौलाना शहाबुद्दीन रजवी

बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद की गिरफ्तारी पर समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव की चुप्पी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि मुसलमानों के मुद्दों पर अखिलेश यादव हमेशा खामोश रहते हैं, जबकि उन्हें मुसलमानों से वोट लेने में कोई परहेज़ नहीं।

May 24, 2025 - 19:08
 0
मुसलमान का मुद्दा आता है तो अखिलेश का एक्स भी खामोश हो जाता है- मौलाना शहाबुद्दीन रजवी

मौलाना रजवी ने कहा कि अखिलेश यादव बंद कमरे में बैठकर हर मुद्दे पर एक्स टू एक्स खेलते हैं, मगर जैसे ही किसी मुसलमान का मुद्दा सामने आता है, उनका एक्स भी खामोश हो जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रो. रामगोपाल यादव द्वारा महिला सैन्य अधिकारियों का अपमान करने के बावजूद समाजवादी पार्टी ने अब तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।

मुसलमानों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं

रजवी ने आरोप लगाया कि प्रोफेसर अली खान महमूदाबाद की गिरफ्तारी के मामले में अखिलेश यादव ने कोई प्रतिक्रिया तक नहीं दी। उन्होंने कहा, समाजवादी पार्टी को विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मुसलमानों ने दिल खोलकर वोट दिया, लेकिन पार्टी उनकी आवाज बनने में विफल रही है।

मौलाना ने आगे कहा, अब मुसलमान इस खामोशी को देख रहा है और भविष्य में इसका हिसाब देगा। उन्हें सिर्फ हमारा वोट चाहिए, मगर हमारी परेशानी से उन्हें कोई लेना-देना नहीं।

SP_Singh AURGURU Editor