जब सांसद राज कुमार चाहर का दर्द जुबां पर आ गया...

आगरा। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और फतेहपुरसीकरी के सांसद राज कुमार चाहर का लोकसभा चुनाव के समय का एक दर्द शनिवार को जुबां पर आ ही गया। मौका बाह तहसील के अरनौटा में शनिवार को आयोजित जन चौपाल का था। यहां जुटे लोगों को संबोधित करते हुए सांसद चाहर ने लोकसभा चुनाव के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में पैदा किए गए अप्रिय हालात का जिक्र किया। साथ ही जनता को बताया कि वे पिछले कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में क्यों कम समय दे पाए थे।

Jan 25, 2025 - 20:10
 0
जब सांसद राज कुमार चाहर का दर्द जुबां पर आ गया...

सांसद चाहर ने कहा कि ये इतना बड़ा क्षेत्र है। मैंने हमेशा कोशिश की कि जनता के लिए दिन और रात काम किया जाए। क्षेत्र बड़ा है और उनके पिछले सांसद कार्यकाल के दौरान दो साल कोरोना का प्रकोप भी रहा। उन्होंने कहा कि इसी दौरान मुझे पार्टी ने किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दे दी थी। आपके इस बेटे को पार्टी द्वारा दिए गए दायित्व के कारण देश भर में जाना पड़ रहा था। 

भाजपा सांसद ने कहा कि मैं बड़े कष्ट के साथ कह रहा हूं कि लोकसभा चुनाव के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जब बाह में मेरे लिए जनसभा करने आए थे तब, एक सम्मानित व्यक्ति ने अपनी जेब से पर्ची निकालकर जनता से कहा कि अब ये ही (चाहर) बताएंगे कि पांच साल के दौरान कितनी बार दुख-सुख में आपके पास आए।

सांसद चाहर का यह बगैर नाम लिए पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह भदावर पर निशाना था। बता दें कि राजनाथ सिंह की जनसभा में जब पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह को भाषण देने के लिए बुलाया गया तो उन्होंने सांसद चाहर को इंगित करते हुए इतना भर कहकर अपनी बात समाप्त कर दी थी कि अब ये ही बताएंगे कि पांच साल जनता के सुख-दुख में कितने आए।

भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मैं बहुत कष्ट के साथ कह रहा हूं कि लोकसभा चुनाव के दौरान और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में उनके लिए यह बात नहीं कही जानी चाहिए थी। पिछले कार्यकाल में क्षेत्र में कम समय दे पाने की वजहें बताते हुए सांसद चाहर ने कहा, हां मैं कम आ पाया, लेकिन मैं क्षेत्र के लिए गंगाजल लाया, अटल आवासीय विद्यालय लाया, स्टेडियम लाया। विकास की और भी तमाम परियोजनाएं लाया। उन्होंने वायदा किया कि क्षेत्र के विकास के लिए आगे भी इसी तरह प्रयास करता रहूंगा।

SP_Singh AURGURU Editor