हमने कसाइयों को जहन्नुम भेजा तो सपा को परेशानी हो गई- योगी
-आरके सिंह- बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि सपा गौमाता को कसाइयों के हवाले करती थी। गौवंश को लावारिस छोड़ दिया जाता था। अब उनके मुखिया कहते हैं कि गोबर से दुर्गंध आती है। ये उनकी असलियत है। वे गौमाता को कसाइयों के हवाले करते थे और हमने कसाइयों को जहन्नुम भेजा, तो सपा को परेशानी होने लगी।
-बरेली में बोले मुख्यमंत्री-सपा के शासन में कसाइयों के हवाले कर दी जाती थी गौमाता
बरेली की पहचान अब झुमके से नहीं, नाथ कॊरिडोर से है, यहां अब दंगा नहीं, सब चंगा
सीएम ने बरेली से स्कूल चलो अभियान और विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया
मुख्यमंत्री योगी मंगलवार को बरेली के दौरे पर पहुंचे हुए थे। उन्होंने यहां 933 करोड़ रुपये की 132 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 2,554 नई एंबुलेंस का फ्लैग ऑफ किया। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश के लिए 'स्कूल चलो अभियान' की शुरुआत भी की। इसके साथ ही 'विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान' को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले बरेली में हर साल पांच-सात दंगे आम बात थी, लेकिन पिछले आठ साल में एक भी दंगा नहीं हुआ। अब बरेली में दंगा नहीं, सब चंगा है। उन्होंने दंगाइयों को चेतावनी भी दी और कहा कि दंगा करने की हिम्मत करने वालों की संपत्ति जब्त कर गरीबों में बांट दी जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने बरेली की पहचान को झुमका के साथ जोड़ा था। हम लोगों ने बरेली को नाथ कॉरिडोर देकर नाथनगरी को उसकी पौराणिक पहचान दिलाने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा समाज की आधारशिला है। उन्होंने 'स्कूल चलो अभियान' की शुरुआत के साथ नव नामांकित बच्चों को स्टेशनरी, पाठ्य पुस्तकों किट व टॉफी इत्यादि का वितरण भी किया।
उन्होंने कहा कि नया शैक्षिक सत्र आज से शुरू हो रहा है। मैं बरेलीवासियों और पूरे उत्तर प्रदेश के लोगों से आह्वान करता हूं कि इस अभियान से जुड़ें और सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। अगर कोई बच्चा शिक्षा से वंचित रहता है, तो यह समाज और राष्ट्र के लिए चुनौती बन जाता है।
सीएम योगी ने 2017 के पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बेसिक शिक्षा परिषद की हालत खराब थी। स्कूलों में टॉयलेट, पेयजल, फर्नीचर और स्मार्ट क्लास जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं। एक करोड़ 34 लाख बच्चों ने नामांकन कराया था, लेकिन 60 प्रतिशत बच्चे स्कूल नहीं जाते थे। उन्होंने कहा कि आज ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 96 प्रतिशत स्कूलों में टॉयलेट, पेयजल, फ्लोरिंग, स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि पिछले साल 1 करोड़ 91 लाख बच्चों को डीबीटी के जरिए 1200 रुपये प्रति बच्चा उनके अभिभावकों के खाते में भेजे गए। बच्चों को दो यूनिफॉर्म, बैग, किताबें, जूते, मोजे और स्वेटर भी दिए जा रहे हैं, जिससे बच्चों में स्कूल जाने की उत्सुकता बढ़ी है। बेसिक शिक्षा परिषद में 1,25,000 से अधिक शिक्षकों की भर्ती का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम श्री योजना के तहत 1500 विद्यालयों का कायाकल्प किया जा रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को 8वीं से 12वीं तक गरीब कन्याओं की शिक्षा का केंद्र बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर बेसिक शिक्षा परिषद ने भी हर जनपद में मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय को प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। पहले चरण में 57 जनपदों में जहां पर अटल आवासीय विद्यालय नहीं खोले गए हैं, वहां पर यह मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय प्रारंभ होने जा रहे हैं। पहले चरण में जनपद स्तर पर दूसरे चरण में तहसील स्तर, तीसरे चरण में विकासखंड स्तर पर और चौथे चरण में न्याय पंचायत स्तर पर विद्यालय खोलेंगे।
सीएम योगी ने कहा कि प्री प्राइमरी से लेकर सीनियर सेकेंडरी तक यानि नर्सरी से लेकर 12वीं तक की शिक्षा बच्चों को एक ही कैंपस में मिल सके खेलकूद की व्यवस्था हो स्किल डेवलपमेंट की व्यवस्था हो, पूरे शिक्षक हों, शिक्षकों के लिए आवासीय व्यवस्था हो इस कार्यक्रम को लेकर हम इस अभियान को लेकर बढ़ने जा रहे हैं।
स्वास्थ्य को शिक्षा जितना ही महत्वपूर्ण बताते हुए सीएम योगी ने संचारी रोग नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्र संचारी रोगों के प्रति संवेदनशील हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस, बरेली मंडल में मलेरिया, आगरा में डेंगू, वाराणसी में कालाजार और झांसी में चिकनगुनिया जैसी बीमारियां चुनौती रही हैं। पिछले 8 वर्षों में डबल इंजन सरकार ने इन बीमारियों को नियंत्रित कर अब जड़ से खत्म करने का अभियान चला रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बरेली के कॉलेज मैदान में बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा लगाई गई विकास एवं योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। सीएम योगी ने इस दौरान युवा उद्यमियों द्वारा लगाई गई उत्पाद की प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया।
सीएम योगी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 2017 से पहले 1947 से 2017 तक केवल 12 सरकारी मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन पिछले 8 साल में 44 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज बने हैं। अब प्रदेश में 80 से ज्यादा मेडिकल कॉलेज हैं, जिसमें 36 से ज्यादा निजी क्षेत्र में हैं। हर जिले में डायलिसिस, सीटी स्कैन और टेलीमेडिसिन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उत्तर प्रदेश देश में सबसे ज्यादा आयुष्मान कार्ड जारी करने वाला राज्य बन गया है।
सीएम ने कहा कि गो और गंगा भारत की परंपरा का हिस्सा हैं। नमामि गंगे परियोजना से गंगा निर्मल हुई, जिसके चलते प्रयागराज में भव्य कुंभ का आयोजन हुआ और 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। मुख्यमंत्री ने बरेली में हर घर नल योजना, रिंग रोड और नए फ्लाईओवर और स्मार्ट सिटी का भी जिक्र किया।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 7,700 से अधिक निराश्रित गोआश्रय स्थल खोले गए हैं, जहां 14 लाख गोवंश की देखभाल सरकार कर रही है। शेष गोवंश को अन्नदाता किसानों को सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के तहत युवा उद्यमियों को ऋण वितरण किया। इसके साथ ही बरेली मंडल के पांच दरोगा और सिपाहियों को टैबलेट व स्मार्ट फोन वितरित किये। बरेली में बनने वाली एमएसएमई इंडस्ट्रियल टाउनशिप का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर पशुधन एवं विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ अरुण कुमार, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, भाजपा ब्रज प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष, दुर्विजय सिंह शाक्य समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।