असली सुख कहां? भौतिकता से परे मन की शांति पर प्रिल्यूड में जीवन विद्या का संवाद
आगरा। क्या जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल धन-दौलत और पद-प्रतिष्ठा है या फिर मन की शांति और आत्मिक संतोष भी इसका अहम हिस्सा है? ऐसे ही गूढ़ सवालों के उत्तर तलाशने के लिए प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, आगरा में शनिवार को जीवन विद्या कार्यक्रम के सूत्रधार और प्रसिद्ध मार्गदर्शक सोमदेव त्यागी के सान्निध्य में ‘हमने बहुत कुछ पा लिया… परंतु वास्तव में क्या यह मायने रखता है?’ विषय पर आत्मीय, संवादात्मक व ज्ञानवर्धक सत्र का आयोजन हुआ।
जीवन विद्या के सूत्रधार सोमदेव त्यागी ने पिछले 25 वर्षों से इस दर्शन को देशभर में जन-जन तक पहुँचाने में जुटे हैं। जीवन विद्या एक औपचारिक शिक्षण कार्यक्रम है, जो अनौपचारिक और संवादात्मक तरीके से व्यक्तियों को स्वयं, परिवार, समाज और प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने का मार्ग दिखाता है। यह दर्शन ए. नागराज द्वारा प्रतिपादित अस्तित्वगत वास्तविकता के मध्यस्थ दर्शन पर आधारित है।
सोमदेव त्यागी अब तक भारत के 16 राज्यों में 300 से अधिक कार्यशालाएं कर चुके हैं। आगरा में आयोजित इस सत्र में उन्होंने जीवन के विविध पहलुओं जैसे सुख-दुःख के कारण, संतोषजनक रिश्तों की अहमियत, स्वास्थ्य सुधार, आंतरिक स्पष्टता, समाज में सामंजस्य और प्रकृति में संतुलन जैसे मुद्दों को सरल भाषा में समझाया।
उन्होंने कहा, सृष्टि के अनुरूप दृष्टि रखने वाला कभी निराश नहीं होता। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व समय में परिवारों में पति-पत्नी के संबंध गहरे होते थे, लेकिन आजकल उनमें दूरी बढ़ रही है। असली सुख तभी मिलेगा जब हमारे विचार और भाव सकारात्मक होंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि भौतिक सुख ही जीवन का सार नहीं है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मविश्वास ही वास्तविक सुख की कुंजी है।
सोमदेव त्यागी ने यह भी कहा कि आजकल बच्चों को समझाने की नहीं, बल्कि समझने की आवश्यकता है। तभी वे अपने विचार सहजता से साझा कर पाएंगे।
सत्र के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं। श्वेता गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में ऐसे सत्रों की अत्यंत आवश्यकता है, क्योंकि यही अकेलेपन, तनाव और चिंता को दूर कर सकते हैं। डॉ. सुशील गुप्ता ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सत्र सभी के लिए अत्यंत उपयोगी था और इससे जीवन को देखने का दृष्टिकोण बदल सकता है।
मीनाक्षी चतुर्वेदी ने अंत में सभी उपस्थितजनों का आभार जताया। कार्यक्रम में अनेंद्र सिंह (कार्यक्रम प्रमुख, आकाशवाणी आगरा), श्वेता गुप्ता (योग प्रशिक्षिका), शलब गुप्ता (विभव कैपिटल), अरविंद श्रीवास्तव आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सोमदेव त्यागी का अगला सत्र 21 सितंबर 2025 को विद्यालय परिसर में प्रातः 10 से 1 बजे तक आयोजित होगा।