कौन थी वह 20 साल की युवती? बरेली में मालगाड़ी आते ही पटरी पर कूदने से रहस्यमयी मौत
बरेली जिले के फरीदपुर कस्बे में विगत दिवस एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। रेलवे ट्रैक पर काफी देर तक खड़ी दिखी एक करीब 20 वर्षीय युवती ने मालगाड़ी के आते ही अचानक उसके सामने छलांग लगा दी। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आकर युवती की मौके पर ही मौत हो गई। सवाल यही है- आखिर कौन थी वह युवती, और ऐसा कदम उठाने की वजह क्या थी?
-रमेश कुमार सिंह-
बरेली। जिले के फरीदपुर कस्बे में शुक्रवार को रेलवे ट्रैक पर एक युवती की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। यह हादसा खंभा नंबर 1289 के पास हुआ। मृतका की उम्र लगभग 20 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती काफी देर तक रेलवे ट्रैक के आसपास खड़ी दिखाई दे रही थी। कुछ लोगों ने उसे समझाने की कोशिश भी की, लेकिन तभी एक मालगाड़ी तेज रफ्तार से ट्रैक पर आती दिखाई दी। इसी दौरान युवती ने अचानक आगे बढ़कर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी।
तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आने से युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग इस बात को लेकर स्तब्ध थे कि आखिर इतनी कम उम्र की लड़की ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
सूचना मिलने पर फरीदपुर थाना पुलिस और रेलवे पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को ट्रैक से हटवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
फरीदपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि मृतका के पास से कोई भी पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। उसकी पहचान के लिए आसपास के थानों और रेलवे स्टेशनों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल की परिस्थितियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर जल्दबाजी नहीं करना चाहती। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल यह सवाल इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर कौन थी वह 20 साल की युवती, जो मालगाड़ी के आते ही जिंदगी से हार मान बैठी।