हू विल बिकम द जीनियस 4.0 क्विज़, प्रील्यूड पहले, एंड्रूज दूसरे और गोयनका तीसरे स्थान पर
आगरा। शमसाबाद रोड स्थित ऑल सेंट्स स्कूल में शनिवार, 23 अगस्त 2025 को डब्ल्यूडब्ल्यूबीटीजी 4.0 (हू बिकम द जीनियस) का भव्य आयोजन हुआ। इस बहुप्रतीक्षित अंतर-विद्यालय क्विज़ प्रतियोगिता ने शहर के 24 प्रतिष्ठित विद्यालयों के होनहार विद्यार्थियों को एक ही मंच पर उतारा। ज्ञान, प्रतिस्पर्धा और उत्साह से भरे इस बौद्धिक महोत्सव में प्रतिभागियों ने इतिहास, विज्ञान, राजनीति, अर्थशास्त्र और समसामयिक घटनाओं पर गहन पकड़ का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के डायरेक्टर श्री त्रिलोक सिंह राणा, प्रो वाइस चेयरमैन युवराज राणा तथा विशिष्ट गेस्ट ऑफ ऑनर –राजीव शर्मा, उमेश तिवारी, राजीव सिंघल, गौतम सेठ और संदीप जैन की उपस्थिति में हुआ। उनके प्रेरक उद्बोधनों ने प्रतिभागियों में जोश और आत्मविश्वास का संचार किया।
शानदार प्रदर्शन और कड़ा मुकाबला
पूरे आयोजन के दौरान वातावरण उत्साहपूर्ण रहा। प्रतिभागियों ने न केवल सामान्य ज्ञान, बल्कि तार्किक क्षमता और त्वरित उत्तर देने की कला का भी शानदार प्रदर्शन किया।
ये रहा परिणाम और विजेता
प्रथम स्थान – प्रील्यूड पब्लिक स्कूल के आर्यन जैन, श्लोक सेठ, अंशुमन सिकरवार और पिया सिंह ने जीनियस ट्रॉफी अपने नाम की। इन्हें 5100 रुपये नकद पुरस्कार व व्यक्तिगत स्मृति चिन्ह भी प्रदान किए गए।
द्वितीय स्थान – सेंट एंड्रूज़ स्कूल, कमला नगर की टीम को 3100 रुपये नकद पुरस्कार व ट्रॉफी मिली।
तृतीय स्थान – जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल की टीम को 1100 रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनकी लगन और उत्साह को सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य योगेश उपाध्याय ने सभी सहभागी विद्यालयों, अतिथियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ज्ञान और प्रतिभा का उत्सव है। कार्यक्रम तालियों की गड़गड़ाहट और इस वादे के साथ संपन्न हुआ कि WWBTG 5.0 अगले वर्ष और भी बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा।