जो भी भारत की तरफ आंख उठाएगा, उसके जनाजे में रोने वाले नहीं मिलेंगे- योगी आदित्यनाथ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि भारत की बहू-बेटियों की तरफ जो भी आंख उठाएगा, उसे हम ऐसी सजा देंगे कि कोई उसके जनाजे में रोने वाला भी नहीं मिलेगा।
-लखनऊ में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए सीएम योगी ने कहा- पाकिस्तान ने 75 साल में सिर्फ आतंक बोया है और यही उसके अंत का कारण बनेगा
बुधवार को लखनऊ की सड़कों पर निकली तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गुस्सा पाकिस्तान पर जमकर बरसा। उन्होंने साफ कहा, भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए पाकिस्तान को करारा जवाब दे दिया है। अब जो भारत की तरफ उंगली उठाएगा, वह बचेगा नहीं।
सीएम योगी ने कहा कि भारतीय सेना ने आतंकियों के वीभत्स कृत्य का मुंहतोड़ जवाब दिया है। पाकिस्तान की सेना के बड़े अधिकारी, बड़े नेता और सरकार जिस तरह आतंकवादियों के जनाजे में शामिल हुई, वह उसकी जलालत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पिछले 75 साल में पाकिस्तान ने सिर्फ आतंक बोया है और अब वही उसके अंत का कारण बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कहा कि भारत अब सहने वाला नहीं, बल्कि दुश्मनों को सबक सिखाने वाला देश बन चुका है। 'ऑपरेशन सिंदूर' के पहले ही दिन सौ से ज्यादा आतंकियों को जिस तरह ठिकाने लगाया गया, उसने पूरी दुनिया को भारतीय सेना की ताकत दिखा दी।
सीएम योगी ने कहा कि भारत की तरफ जो भी उंगली उठाएगा, वह बच नहीं पाएगा। ऑपरेशन सिंदूर दुश्मनों के लिए साफ संदेश है कि हम छेड़ेंगे नहीं, लेकिन अगर हमें छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सेना और हुकूमत अब आतंकियों की पालक बन चुकी है। हमारी सेना ने ऒपरेशन सिंदूर के जरिए भारत की आन-बान-शान की रक्षा का इतिहास रचा है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने अब तक अपनी विफलता की कहानी ही दुनिया को बताई है। आतंकवाद को दिया गया प्रश्रय एक दिन यह पाकिस्तान को भी निगल लेगा। उन्होंने कहा कि भारत में हुए आतंकवादी हमलों के बारे में हमारी सरकार द्वारा सारे प्रमाण दिए जाने के बाद भी पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो फिर हमने आपरेशन सिंदूर चलाया और पहले दिन ही सौ से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया और इसे पूरी दुनिया ने देखा है। दुनिया ने भारतीय सेना का लोहा भी माना है।
भारत के तीनों सेनाओं के बहादुर जवानों ने जिस मजबूती के साथ पाक की हिमाकत का जवाब दिया है कि हम छेड़ेंगे नहीं और कोई छेड़ेगा तो छोड़ेंगे भी नहीं।