आगराः विधवा महिला बोली- पति की अस्थियां भी गांव नहीं लाने दीं, अब संपत्ति से भी बेदखल कर रहे हैं

आगरा। पति की मौत के बाद बेसहारा हुई एक विधवा महिला ने अपने जेठ पर पुश्तैनी जमीन हड़पने का गंभीर आरोप लगाते हुए मंडलायुक्त कार्यालय में गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि साजिश के तहत उनके पति का नाम खतौनी से कटवा दिया गया है, जबकि उनके पास वैधानिक दस्तावेज मौजूद हैं जो साबित करते हैं कि वे इस जमीन की वारिस हैं। महिला के साथ उसका बेटा भी न्याय के लिए आगरा पहुंचा है।

Jul 8, 2025 - 21:05
 0
आगराः विधवा महिला बोली- पति की अस्थियां भी गांव नहीं लाने दीं, अब संपत्ति से भी बेदखल कर रहे हैं
नंदनी और उनका बेटा सियाराम शर्मा, जो अपना हक पाने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं।

-मंडलायुक्त से लगाई न्याय की गुहार, दस्तावेज सौंपकर की कार्रवाई की मांग

बिचपुरी के सदर वन की नंदनी शर्मा सोमवार को अपने बेटे सिद्धाराम शर्मा के साथ मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह से मिलीं और अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने कहा कि उनके पति नवल किशोर शर्मा चार भाइयों में सबसे छोटे थे, जो सोलापुर (महाराष्ट्र) की एक दाल मिल में मुनीम का काम करते थे। शादी भी सोलापुर में मंदिर में हुई थी। वर्ष 2022 में नवल किशोर की मृत्यु हो गई, जबकि उनके ससुर का देहांत 2021 में हुआ था।

खतौनी से नाम कटवा दिया, गांव आने तक से रोका गया

पीड़िता नंदनी शर्मा ने मंडलायुक्त को जाति प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, खतौनी की नकल और अन्य कागज़ात सौंपे। उन्होंने कहा कि जेठ ने पहले पति के अंतिम संस्कार में आने से मना किया, अब लेखपाल की मिलीभगत से खतौनी से पति का नाम भी हटवा दिया है जबकि पहले की खतौनी में उनके पति का नाम दर्ज था। 

नंदनी के पुत्र सिद्धाराम शर्मा ने मंडलायुक्त को बताया कि मैंने ताऊ को पापा की मौत की सूचना दी थी, लेकिन उन्होंने आने से इंकार कर दिया। अब जब हम गांव आए तो हमें पहचानने से भी इनकार कर रहे हैं। हमारी पुश्तैनी जमीन भी हड़पना चाहते हैं।

नंदनी शर्मा का कहना है कि पति की मौत के बाद शव गांव लाने से भी रोका गया था। सिर्फ 5 हजार रुपए भेजकर कहा कि सोलापुर में ही अंतिम संस्कार कर दो। अब जेठ ने मिलकर नाम जमीन से कटवा दिया। कोई सुनवाई नहीं हो रही, इसलिए मंडलायुक्त के पास आई हूं।

मंडलायुक्त ने दिए जांच के निर्देश

मामले को सुनने के बाद मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor