क्या वारंटी खत्म होने के बाद मिल पाएंगे पार्षदों को लैपटॉप?

आगरा। शपथ ग्रहण के उपरान्त नगर निगम की कार्यकारिणी एवं नगर निगम के सदन की बैठक में सभी पार्षदों को लैपटॉप वितरित किये जाने के प्रस्ताव पारित हुए थे, लेकिन एक साल से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी पार्षदों को लैपटॉप नहीं मिल सका है, जबकि नगर निगम द्वारा 50 लैपटॉप चार माह पूर्व ही क्रय कर लिए गए हैं।

Feb 27, 2025 - 20:14
 0
क्या वारंटी खत्म होने के बाद मिल पाएंगे पार्षदों को लैपटॉप?

कार्यकारिणी उपसभापति और पार्षदों ने लैपटॉप न मिलने पर जताई नाराजगी

- महापौर ने नगरायुक्त को सभी पार्षदों को 15 दिनों के भीतर लैपटॉप वितरित किए जाने को लिखा पत्र

अब तक लैपटॉप न मिलने पर कार्यकारिणी की उपसभापति हेमलता चौहान व पार्षदों ने नाराजगी जाहिर की है और कहा है कि क्या हमें वारंटी समाप्त होने के बाद लैपटॉप दिए जाएंगे?

इस पर महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल को पत्र लिखकर 15 दिन में सभी पार्षदों को लैपटॉप वितरित करने के लिए निर्देश दिए हैं। 

महापौर ने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद 100 वार्डों के सभी पार्षदों को लैपटॉप देने के लिए कार्यकारिणी व सदन में प्रस्ताव पास किया गया था, इस क्रम में केवल 50 ही लैपटॉप क्रय किए गए।नगर निगम सदन एवं कार्यकारिणी की अन्य बैठकों में पार्षदों द्वारा 50 लैपटॉप क्रय करने पर नाराजगी प्रकट की गयी और आज तक उनका वितरण नहीं हो सका है।

 कार्यकारिणी की उपसभापति हेमलता चौहान द्वारा विगत कई बैठकों में नगर निगम के समस्त पार्षदों को लैपटॉप उपलब्ध न कराये जाने पर नाराजगी प्रकट की जा चुकी है तथा नगर निगम के सभी पार्षदों में आक्रोश है। 

महापौर ने पत्र में लिखा है कि उप सभापति एवं पार्षदों द्वारा प्राथमिकता पर 100 पार्षदों को अविलम्ब लैपटॉप उपलब्ध कराये जाने की अपेक्षा की गयी है। यह भी संज्ञानित कराया गया है कि जो लैपटॉप विगत चार माह पूर्व कय किये गये हैं, उनकी वारंटी की समय सीमा भी समाप्त होने जा रही है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि लैपटॉप वितरण की कार्यवाही भी पंचवर्षीय योजना होने जा रही है। अतः उप सभापति एवं पार्षदों के आक्रोश के दृष्टिगत निर्देशित किया जाता है कि अन्य अवशेष लैपटॉप के क्रय की प्रक्रिया को 15 दिवस में पूर्ण कराते हुए वितरण की कार्यवाही कराया जाना सुनिश्चित करें। यदि उक्त प्रकिया में और अधिक विलम्ब होता है तो उसके लिए आप स्वंय उत्तरदायी होगें।