हरभजन सिंह को बीसीसीआई में मिलेगा बड़ा पद?

 भारत के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड में बड़ा पद मिल सकता है। वो 28 सितंबर को होने वाली बैठक में मौजूद रहेंगे।

Sep 12, 2025 - 22:02
 0
हरभजन सिंह को बीसीसीआई में मिलेगा बड़ा पद?


मुंबई। भारत के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) में बड़ा पद मिल सकता है। 28 सितंबर को बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक होने वाली है, जिसके लिए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने हरभजन सिंह को अपना प्रतिनिधि घोषित किया है। द इंडियन एक्स्प्रेस के मुताबिक हरभजन सिंह इस बैठक में हिस्सा लेंगे। इससे पहले क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल, सौरव गांगुली को अपना प्रतिनिधि घोषित कर चुका है। 28 सितंबर, वही दिन है जब बीसीसीआई के चुनाव होने हैं, जिसमें अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति भी होनी है।

हरभजन सिंह को इससे पहले पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन का सलाहकार नियुक्त किया गया था। ये पहली बार होगा जब वो राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि के रूप में नजर आएंगे। सभी राज्य क्रिकेट संघों को नोटिस भेजा जा चुका है कि अपना-अपना प्रतिनिधि घोषित करने की आखिरी तारीख 12 सितंबर होगी।

वहीं चुनाव अधिकारी ने आवेदन करने की आखिरी तारीख 20 सितंबर से बढ़ाकर 21 सितंबर कर दी है। यदि कोई उम्मीदवार चाहे तो 23 सितंबर तक अपना नाम वापस ले सकता है और चुनाव 28 सितंबर को होंगे। इसी दिन एशिया कप 2025 का फाइनल भी खेला जाना है। 28 सितंबर को होने वाली बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पदों पर फैसला लिया जाना है।

कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ने रघुराम भट्ट, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने संजय नाइक को अपना प्रतिनिधि बनाया है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पूर्व आईपीएल चेयरमैन अरुण सिंह धूमल और उत्तर प्रदेश की ओर से राजीव शुक्ला इस वार्षिक आम बैठक में मौजूद रहेंगे।

हाल ही में पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का नाम बीसीसीआई प्रेसिडेंट पद से जोड़ा जा रहा था। उन अटकलों ने खूब जोर पकड़ा हुआ था कि सचिन को अगला बीसीसीआई अध्यक्ष चुना जा सकता है, लेकिन हाल ही में उनकी कंपनी  ने साफ किया था कि सचिन तेंदुलकर को बीसीसीआई अध्यक्ष पद मिलने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है और यह सब झूठ है।