24 घंटे के भीतर आठ माह की गर्भवती महिला की हत्या के आरोप में पति-ससुर समेत तीन गिरफ्तार
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर आठ माह की गर्भवती महिला शबनम की हत्या कर दी गई। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर 24 घंटे के भीतर पति, ससुर और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई जारी है।
आगरा। आगरा जनपद के खंदौली थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न की एक बेहद शर्मनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। दहेज के लालचियों ने एक मासूम गर्भवती महिला की जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पति, ससुर और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है, जो आठ माह की गर्भवती थी। इस मामले में मृतका के भाई जकील अहमद ने 9 फरवरी 2026 को खंदौली थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बहन शबनम की शादी 10 नवंबर 2024 को सलमान पुत्र छोटेखां, निवासी सौरई गांव, खंदौली के साथ हुई थी। शादी में परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही शबनम के ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। कई बार मारपीट की गई, लेकिन मायके पक्ष ने सामाजिक दबाव के चलते समझौता कराने की कोशिश की। 8 फरवरी 2026 को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने शबनम की फांसी लगाकर हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर मायके पक्ष मौके पर पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खंदौली थाने में मु.अ.सं. 35/2026 के तहत बीएनएस की धारा 11(2), 85, 80(2), 61(2) एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया गया। 10 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने चेकिंग गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर इंटरचेंज के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सलमान पुत्र छोटेखां (पति), छोटेखां पुत्र सब्बीर खान (ससुर)और एक महिला आरोपी शामिल है। आरोपी सलमान मूल रूप से सौरई गांव का निवासी है और वर्तमान में सोन टेंट हाउस, पैंठेखेड़ा रोड, खंदौली में रह रहा था। ससुर छोटेखां भी इसी पते का निवासी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह, उपनिरीक्षक गौरव सिंह, महिला उपनिरीक्षक रोशनी राणा, कांस्टेबल हरीश शर्मा, कांस्टेबल हर्ष तोमर और महिला कांस्टेबल भावना शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।