बरेली में तेज डीजे की धमक से महिला की मौत का आरोप, जलाभिषेक के लिए मंदिर जा रही कमला देवी अचानक बैठीं और फिर नहीं उठीं

-आरके सिंह- बरेली। अलीगंज क्षेत्र के महोलिया गांव में जलाभिषेक के लिए गौरी शंकर मंदिर जा रही 60 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मंदिर से करीब 400-450 मीटर पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बज रहे तेज डीजे की आवाज और उसकी धमक से महिला ने चेस्ट पकड़ लिया और अचानक सड़क पर बैठ गईं। इसके बाद वह नहीं उठीं और उनकी मौत हो गई। हालांकि, महिला की मौत का वास्तविक कारण चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाता, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

Aug 25, 2026 - 12:51
 0
बरेली में तेज डीजे की धमक से महिला की मौत का आरोप, जलाभिषेक के लिए मंदिर जा रही कमला देवी अचानक बैठीं और फिर नहीं उठीं

मृतका की पहचान कमला देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कमला देवी सोमवार को अपनी बहू नानू के साथ गौरी शंकर मंदिर में जल चढ़ाने जा रही थीं। इसी दौरान मंदिर से लगभग 400-450 मीटर पहले एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर तेज आवाज में डीजे बज रहा था।

परिवार के सदस्य डोरीलाल के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही कमला देवी के पास से गुजरी, तेज आवाज की धमक से वह अचानक परेशान हो गईं। उन्होंने चेस्ट पकड़ा और वहीं बैठ गईं। परिजनों का कहना है कि इसके बाद उठ नहीं सकीं क्योंकि उनकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों ने बताया कि कमला देवी को पहले से उच्च रक्तचाप की समस्या थी और तेज आवाज से उन्हें परेशानी होती थी। इसी आधार पर परिवार का आरोप है कि डीजे की तेज आवाज और उसकी धमक के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी और उनकी जान चली गई। हालांकि, केवल परिजनों के आरोप के आधार पर मौत का कारण निश्चित रूप से नहीं माना जा सकता।

क्षेत्राधिकारी आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि परिजनों ने महिला का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। इसके बाद शव को परिजन अपने घर ले गए। मंगलवार को कमला देवी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

SP_Singh AURGURU Editor