आगरा में सड़क किनारे खून से लथपथ मिली महिला, धारदार हथियार से हमला; पति हिरासत में
आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब सदरवन गांव के पास एक महिला खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़ी मिली। महिला की पहचान 45 वर्षीय यशोदा पत्नी देवकीनंदन पाठक के रूप में हुई है, जो बीते कुछ वर्षों से पति से अलग अपने बेटे के साथ रह रही थी।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल यशोदा को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला पर धारदार हथियार से आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला किया गया है।
बेटे कृष्णा पाठक की तहरीर पर पुलिस ने महिला के पति देवकीनंदन पाठक को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
चौकी इंचार्ज बिचपुरी के अनुसार, घटना स्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावर की पहचान के प्रयास जारी हैं। यशोदा फैक्ट्री में काम कर अपने बेटे का पालन-पोषण करती थी और पति से अलग रहने का कारण घरेलू विवाद बताया गया है।
पुलिस इस पूरे मामले को घरेलू हिंसा और प्रतिशोध की आशंका के तौर पर भी देख रही है, हालांकि अभी जांच जारी है और हमलावर की पुष्टि के बाद ही कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ेगी।