मरुधर एक्सप्रेस में युवती से छेड़छाड़, स्टेशन पर हंगामा और थाने से गायब आरोपी

आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर मरुधर एक्सप्रेस में युवती से छेड़छाड़ और विरोध करने पर उसके भाई व पति की पिटाई का मामला सामने आया है। यात्रियों ने एक आरोपी पकड़ा, लेकिन जीआरपी की कथित लापरवाही से वह थाने से फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

Feb 3, 2026 - 22:15
 0
मरुधर एक्सप्रेस में युवती से छेड़छाड़, स्टेशन पर हंगामा और थाने से गायब आरोपी
ट्रेन हंगामा और पीडिता।

आगरा। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक बेहद चौंकाने और शर्मनाक घटना सामने आई है। मरुधर एक्सप्रेस में सफर कर रही एक युवती के साथ छेड़छाड़ की गई। जब युवती के परिजनों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके भाई और पति की बेरहमी से पिटाई कर दी।

मामला यहीं नहीं रुका। यात्रियों की मदद से एक आरोपी को मौके पर पकड़कर जीआरपी (GRP) थाने ले जाया गया, लेकिन पीड़िता के आरोपों के अनुसार, पुलिस की कथित लापरवाही के चलते मुख्य आरोपी थाने से रहस्यमय तरीके से फरार हो गया, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पीड़िता अलीगढ़ की रहने वाली है। उसने बताया कि वह मंगलवार सुबह करीब 8:15 बजे आगरा फोर्ट स्टेशन पर अपनी बहन और जीजा को जोधपुर जाने वाली ट्रेन में बैठाने आई थी। इसी दौरान ट्रेन में मौजूद करीब दर्जनभर युवकों ने अभद्र टिप्पणी और बदतमीजी शुरू कर दी।

पीड़िता ने बताया कि जब उसने इसका विरोध किया, तो युवकों ने उसके भाई और पति पर हमला कर दिया। उन्हें बुरी तरह पीटा गया और भद्दी-भद्दी गालियां दी गईं। यात्रियों की मदद से एक युवक को पकड़ लिया गया और सभी उसे लेकर जीआरपी थाने पहुंचे।

महिला का आरोप है कि थाने में मौजूद एक दरोगा वर्दी में नहीं था और उसने आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उल्टा, पीड़ित परिवार पर ही दबाव बनाया गया, जिसके चलते वे मजबूरी में चुप रह गए। इसी दौरान आरोपी थाने से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती, तो आरोपी फरार नहीं होता। पीड़िता और उसके परिजन अब जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और फरार आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।