सिकन्दरा में महिला की अस्मिता पर हमला, चार लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा

आगरा। आगरा के थाना सिकन्दरा क्षेत्र से महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाला गंभीर मामला सामने आया है। राधिका बिहार स्थित एक फ्लैट में महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़, मारपीट और अपमानजनक व्यवहार किया गया। पीड़िता की पहचान गोपनीय रखते हुए पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Jan 8, 2026 - 10:55
 0
सिकन्दरा में महिला की अस्मिता पर हमला, चार लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
इमेज फोटो

बाथरूम में घुसकर अभद्रता, विरोध पर बेरहमी से मारपीट का आरोप 

आगरा। आगरा के थाना सिकन्दरा क्षेत्र से महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाला गंभीर मामला सामने आया है। राधिका बिहार स्थित एक फ्लैट में महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़, मारपीट और अपमानजनक व्यवहार किया गया। पीड़िता की पहचान गोपनीय रखते हुए पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कब और कहां की है घटना

यह घटना 4 जनवरी 2026 की बताई जा रही है। पीड़िता अपनी मां की एक परिचित महिला से मिलने राधिका बिहार स्थित फ्लैट पर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान जब वह बाथरूम में थी, तभी घर में मौजूद लोगों ने जबरन अंदर घुसकर उसके साथ अभद्रता की।

विरोध करने पर की गई मारपीट

पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर उसे जबरन बाहर खींच लिया गया और लात-घूंसों से पीटा गया। इस दौरान उसके चरित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गईं। बीच-बचाव करने आई घरेलू सहायिका के साथ भी धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप है।

चार नामजद आरोपी

पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जिन आरोपियों को नामजद किया है, उनमें शामिल हैं, अरुण दिवाकर, उसकी पत्नी दीषा दिवाकर, मां मंजू दिवाकर और बहन मनीषा दिवाकर। आरोप है कि महिला आरोपियों के उकसाने पर अरुण दिवाकर ने मारपीट की और मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया।

चौकी तक पहुंचना भी हुआ मुश्किल

घटना के बाद पीड़िता गंभीर रूप से घायल हो गई। वह किसी तरह सहारे के बल पश्चिमपुरी चौकी पहुंची। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़िता को चलने में असमर्थ बताया जा रहा है और उसे गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस जांच शुरू

थाना सिकन्दरा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है। सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।