नारी शक्ति को सियासत में 33% हक, बीजेपी के कार्यक्रम में गूंजा महिला सशक्तिकरण का संकल्प

जयपुर हाउस स्थित भाजपा जिला कार्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। नेताओं ने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए 33% आरक्षण को लोकतंत्र को मजबूत करने वाला बताया और समाज से इस पहल का समर्थन करने की अपील की।

Apr 13, 2026 - 22:48
 0
नारी शक्ति को सियासत में 33% हक, बीजेपी के कार्यक्रम में  गूंजा महिला सशक्तिकरण का संकल्प
“नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के बारे में जानकारी डेंटि विधायक रानी पक्षालिका सिंह व जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया व अन्य भाजपा पदाधिकारी।

आगरा। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया के दिशा-निर्देशन में जयपुर हाउस स्थित जिला कार्यालय पर “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” को लेकर पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के इस ऐतिहासिक कानून पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसके बाद हुई प्रेस वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 देश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने बताया कि इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण दिया गया है, जिससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को मजबूती मिलेगी।

बाह विधायक पक्षालिका सिंह ने कहा कि यह कानून लंबे समय से लंबित महिला आरक्षण की मांग को पूरा करता है और भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक समावेशी बनाता है। उनके अनुसार, इससे महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिलेगा और समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा मिलेगा।

जिला मंत्री आशा देवी चक ने कहा कि इस अधिनियम के लागू होने से खासकर ग्रामीण और पिछड़े वर्ग की महिलाओं को राजनीति में आगे आने का सुनहरा अवसर मिलेगा। इससे नई पीढ़ी की महिलाओं को प्रेरणा मिलेगी और वे अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक बनेंगी।

वहीं जिला मंत्री बबीता चौहान ने सरकार के दृष्टिकोण को स्पष्ट करते हुए कहा कि यह कानून भारत को एक सशक्त, समावेशी और प्रगतिशील राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में उनकी स्थिति को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

कार्यक्रम के अंत में महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पंकजा शर्मा ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक पहल का समर्थन करें और महिला सशक्तिकरण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस मौके पर ज्योति जादौन, मनीषा सिंह, मीडिया प्रभारी मुकेश चाहर, मनीष थापक, राहुल पाराशर, डॉ. लवलेश कुमार, लोकेंद्र लवानिया, उदयवीर सिंह समेत कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।