अपने जुनून के साथ आगे बढ़ें महिलाएं, महिला सशक्तिकरण पर सेमिनार
आगरा। आगरा की ऑल वूमेन एंट्रेप्रेन्योर्स संस्था ने अपने प्रथम स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में फतेहाबाद रोड स्थित होटल आईटीसी मुग़ल में “महिला सशक्तिकरण” विषय पर एक प्रेरणादायक सेमिनार का आयोजन किया। इस आयोजन ने महिला उद्यमिता, सहयोग, और सामाजिक जागरूकता के नए आयाम को उजागर किया।
महिलाएं आज हर क्षेत्र में अग्रसर
कार्यक्रम का शुभारंभ डबल ट्री बाय हिल्टन की महाप्रबंधक रजनी नायर देब, संस्थापक सुरुचि भार्गव शर्मा, रिचा बंसल और रजनी जुनेजा ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
मुख्य अतिथि रजनी नायर देब ने कहा, “देश में महिलाएं आज हर क्षेत्र में अग्रसर हैं। इस तरह के मंच प्रोफेशनल महिलाओं को न केवल प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि उन्हें नेतृत्व, नेटवर्किंग और आत्मनिर्भरता के लिए एक ठोस प्लेटफॉर्म प्रदान करते हैं। महिलाएं एक शक्तिशाली, समावेशी और सहायक पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के अपने जुनून के साथ आगे बढ़ती रहें।”
संस्था की प्रगति और उद्देश्य
संस्थापकों सुरुचि भार्गव शर्मा, रिचा बंसल और रजनी जुनेजा ने बताया कि ऑल वूमेन एंट्रेप्रेन्योर्स की शुरुआत पिछले वर्ष 35 प्रोफेशनल महिलाओं के साथ की गई थी, जो अब बढ़कर 50 सदस्यों तक पहुँच चुकी है। संस्था का उद्देश्य है- शक्तिशाली नेटवर्किंग, कौशल विकास, सहयोग एवं ज्ञान-साझाकरण और हिला उद्यमियों का सामूहिक उत्थान।
इस मौके पर द्वितीय सत्र के लिए नई टीम की घोषणा की गई, जिसमें अध्यक्ष: अपेक्षा जैन, उपाध्यक्ष: रितु भटनागर और कानूनी सलाहकार: नम्रता मिश्रा को बनाया गया।
सेमिनार में इन विषयों पर हुई चर्चा
वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण को आधुनिक व्यापार प्रथाओं और डिजिटल कौशल से जोड़ते हुए निम्न विषयों पर चर्चा की। इनमें बिजनेस ऑटोमेशन, डिजिटल टूल्स का सही उपयोग, सॉफ्ट स्किल्स और इमेज एन्हांसमेंट, साइबर सुरक्षा और डिजिटल थ्रेट्स, महिलाओं का स्वास्थ्य और वेलनेस, वित्तीय साक्षरता और निवेश की तैयारी जैसे विषय शामिल थे।
इस अवसर पर निशा अग्रवाल, नेहा बंसल, ग़ज़ल सचदेवा, मीनल अग्रवाल, सुमिता श्रीवास्तव, ऋचा भदौरिया, रूबी गुप्ता, अल्मास थॉमस, राखी गुप्ता आदि मौजूद रहीं।