आगरा में मनाया गया विश्व शांति महा नवकार दिवस पीएम मोदी का वर्चुअल संबोधन
आगरा। आगरा में भगवान महावीर का 2624वां जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। आगरा दिगम्बर जैन परिषद के तत्वावधान में, पूज्य आर्यिका श्री 105 पूर्णमती माता जी के पावन सानिध्य में आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार को ‘विश्व शांति महा नवकार दिवस’ का आयोजन भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
-आगरा में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के अंतर्गत हज़ारों श्रद्धालुओं की भागीदारी
108 देशों में मनाया गया नवकार दिवस, आगरा बना प्रमुख केंद्र
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का आह्वान सामाजिक संस्था जीतो द्वारा किया गया था। भारत के 100 से अधिक स्थानों सहित विश्व के 108 देशों में यह दिव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। आगरा में इसका मुख्य आयोजन एम.डी. जैन इंटर कॉलेज मैदान में हुआ, जहां हज़ारों श्रद्धालु — बच्चे, महिलाएं, युवा व बुज़ुर्ग — आर्यिका पूर्णमती माताजी के सानिध्य में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विज्ञान भवन से उद्बोधन
दिल्ली के विज्ञान भवन में हुए केंद्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘णमोकार मंत्र’ के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व को विस्तार से बताया, जो आयोजन का मुख्य आकर्षण बना।
आगरा कार्यक्रम की मुख्य झलकियां
दीप प्रज्वलन व कार्यक्रम शुभारंभ: प्रदीप जैन पीएनसी, डॉ. जितेन्द्र जैन, जगदीश प्रसाद जैन व हीरालाल बैनाड़ा द्वारा किया गया। श्रद्धालुओं ने श्वेत और केसरिया वस्त्र पहनकर नवकार मंत्र की सामूहिक गूंज से वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
आर्यिका श्री 105 पूर्णमती माताजी ने नवकार मंत्र की महिमा पर व्याख्यान और एक सुंदर भजन प्रस्तुत किया-
“प्यारा है मंत्र णमोकार प्यारा है,
जपो इसे एक बार हजार बार लखबारा है।”
पदयात्रा और तीर्थ रक्षा के लिए सम्मान
दिल्ली से गिरनार तक की 1500 किमी पदयात्रा पर निकले श्रद्धालु जब आगरा पहुंचे, तो उनका भव्य स्वागत परिषद द्वारा किया गया। गुरू मां ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा कि “गिरनार तीर्थ की रक्षा हेतु यह पुण्य प्रयास अत्यंत प्रशंसनीय है।”
स्वास्थ्य शिविर व रचनात्मक गतिविधियां
समारोह में पल्लीवाल जैन महासभा द्वारा विशाल स्वास्थ्य शिविर व रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 500 से अधिक लोगों ने लाभ लिया। महिला मंडलों द्वारा दोपहर में आयोजित मेहंदी, रंगोली, निबंध, चित्रकला, व्यंजन सज्जा आदि प्रतियोगिताओं में 600 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
सायंकालीन आरती, ओपन माइक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
महाआरती व संगीतमयी आरती में श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण सहभागिता निभाई। ओपन माइक प्रतियोगिता में भजन, नृत्य, कविता और जैन धर्म आधारित प्रस्तुतियाँ मुख्य आकर्षण रहीं।
नि:शुल्क चाय वितरण सेवा
जैन लवेंचु महासमिति द्वारा चार दिवसीय चाय वितरण सेवा का शुभारंभ परिषद के अध्यक्षों द्वारा किया गया। समर्पित स्वयंसेवकों ने सेवा भावना का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
कल भगवान महावीर जन्म कल्याणक रथयात्रा
10 अप्रैल को प्रातः 7:30 बजे से निकलेगी शहरभर में विशाल रथयात्रा, जो विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए एम.डी. जैन इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेगी। वहां कलशाभिषेक और गुरू मां के प्रवचन का आयोजन होगा। रात्रि में महाआरती, पालना व बधाई की संगीतमयी प्रस्तुतियां भी की जाएंगी।