आगरा में यशोदा की हत्या उसी के बेटे ने साथियों संग की थी, मां की दूसरी शादी से खफा था   

आगरा/इटावा। इटावा जिले के बलरई थाना क्षेत्र में 28-29 जुलाई की रात खदिया पुल के पास मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मृतका की पहचान आगरा जिले के थाना जैतपुर क्षेत्र के बिठौना गांव निवासी यशोदा देवी के रूप में हुई, जिसकी हत्या उसके अपने ही बेटे कौशल ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी।

Aug 3, 2025 - 22:03
 0
आगरा में यशोदा की हत्या उसी के बेटे ने साथियों संग की थी, मां की दूसरी शादी से खफा था    
यशोदा हत्याकांड का खुलासा करते इटावा के पुलिस अधिकारी। चित्र में मृतका का बेटा कौशल व अन्य अभियुक्त भी हैं।

-आगरा के जैतपुर क्षेत्र की यशोदा का शव इटावा जिले के बलरई थाना क्षेत्र में मिला था

दूसरी शादी बनी बेटे के क्रोध की वजह

पुलिस पूछताछ में आरोपी कौशल ने खुलासा किया कि यशोदा उसकी मां थी और उसके पिता संजय शर्मा के जीवित रहते ही उसने पास के गांव के राम निवास से दूसरा विवाह कर लिया था। इस रिश्ते को कौशल सामाजिक कलंक मानता था और वह इसे अपने पिता के अपमान के रूप में देखता था। कौशल ने पुलिस को बताया कि समाज में इस कारण उसकी भी प्रतिष्ठा खराब हो गई थी और उसकी शादी भी नहीं हो पा रही थी।

दवा दिलाने के बहाने ले गया और फिर...

28 जुलाई को कौशल अपनी मां को दवा दिलाने के बहाने होंडा साइन बाइक पर बैठाकर खदिया पुल की ओर ले गया। वहां पहले से मौजूद उसके साथी — बाबी निवासी गढ़ी रमपुरा और रजत निवासी कमतरी गोपालपुरा, स्कॉर्पियो गाड़ी के साथ उसका इंतजार कर रहे थे। पुल पर पहुंचते ही यशोदा को गाड़ी में बैठा लिया गया। कुछ दूरी जाने के बाद आरोपियों ने उसे गाड़ी से नीचे फेंककर उस पर कई बार स्कॉर्पियो चढ़ाकर कुचल दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

गिरफ्तारी और सबूतों के साथ केस का खुलासा

बलरई पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो और बाइक बरामद कर ली है। तीनों आरोपी, कौशल, बाबी पुत्र संजूय वर्मा (20 वर्ष) और रजत पुत्र शिवचरन जाटव (21 वर्ष)  को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। थाना प्रभारी दिवाकर प्रसाद सरोज के नेनृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूत्रों की मदद से केस का सफलतापूर्वक खुलासा किया।

SP_Singh AURGURU Editor