योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को ब्रेन हेमरेज, मेदांता अस्पताल में चल रहा इलाज
यूपी की योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। उनको लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि उनको ब्रेन हेमरेज हुआ है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की तबीयत बिगड़ गई है। उनका इलाज लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रहा है। यहां डॉक्टरों ने एमआरआई समेत अन्य जांच कराई है, जिसमें ब्रेन हेमरेज की पुष्टि होना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि स्ट्रोक से एक हाथ और पैर में भी चोट लग गई है। इससे पहले सुभासपा मुखिया और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की तबीयत बिगड़ गई थी। जिनका इलाज भी मेदांता अस्पताल में हुआ था।
इस संबंध में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया कि अपने प्रातः स्मरणीय शुभचिंतकों भाइयों-बहनों से विनम्रतापूर्वक आग्रह है कि मैं स्वस्थ ही नहीं पूर्ण स्वस्थ हूं। आप बिल्कुल चिंता न करें, अफवाहों पर बिलकुल ध्यान न दें। ये बात सही है कि मुझे थोड़े से इलाज वह भी शांतिपूर्ण वातावरण चाहिए था, इसलिए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अपनी देख-रेख में करा रहे हैं। दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि बस दो-चार दिन में फिर वहीं राजनीतिक अखाड़े में दो-दो हाथ करूंगा। आप सबकी सेवा करूंगा।
दिनेश प्रताप सिंह ने आगे कहा कि बिहार में पार्टी की सरकार बनाने में अपना तन-मन धन से योगदान करूंगा। आप सब साक्षी हो कितने अभाव और विपत्तियों को साहस धैर्य और विनम्रता से झेल कर यहां आपकी दुआओं से पहुंचा हूं। ये छोटी-मोटी बाधाएं मेरी खुराक नहीं, नाश्ता बराबर भी नहीं है। सब खुश रहें मस्त रहें। जय श्रीराम।
मंत्री दिनेश प्रताप सिंह बीते कुछ महीनों से कांग्रेस नेताओं के साथ ही अपनी पार्टी के नेताओं के भी निशाने पर हैं। हाल ही में जब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी रायबरेली आए थे, तब दिनेश प्रताप सिंह ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। उन्होंने राहुल गांधी वापस जाओ के नारे लगाए गए थे। दिनेश प्रताप सिंह योगी सरकार में मंत्री हैं। उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा था।