आगरा में युवती पर साइबर हमला, अश्लील मैसेज, एआई वीडियो और हत्या की धमकियों से दहशत
आगरा। एक युवक द्वारा युवती और उसके परिजनों को लगातार परेशान, अपमानित और भयभीत किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर थाना ट्रांसयमुना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
AI तकनीक से अश्लील फोटो-वीडियो बनाने और वायरल करने की धमकी, युवती व परिवार को जान से मारने की चेतावनी; ट्रांसयमुना थाने में मुकदमा दर्ज
आगरा। एक युवक द्वारा युवती और उसके परिजनों को लगातार परेशान, अपमानित और भयभीत किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर थाना ट्रांसयमुना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार गौरव कुमार पुत्र राजपाल सिंह निवासी थाना क्वार्सी, जिला अलीगढ़, लंबे समय से मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से उसे परेशान कर रहा था। आरोपी द्वारा अश्लील मैसेज, गालियां और धमकी भरे संदेश लगातार भेजे जा रहे थे। आरोप है कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का दुरुपयोग करते हुए पीड़िता के चेहरे को जोड़कर अश्लील फोटो व वीडियो तैयार करने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, आरोपी ने इन आपत्तिजनक फोटो-वीडियो को इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर) और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता और उसके परिवार पर मानसिक दबाव बनाया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने तेजाब डालने, अपहरण कराने और पूरे परिवार को जान से मरवाने जैसी गंभीर धमकियां भी दीं।
पीड़िता ने बताया कि 5 दिसंबर की शाम और 6 दिसंबर की रात को आरोपी द्वारा भेजे गए अभद्र और धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट उसने पुलिस को सौंपे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ट्रांसयमुना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।