युवोत्सव यूनिफेस्ट 2025-26: आंबेडकर विवि के मंच पर रचनात्मकता और प्रतिभा का जलवा
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा में 91वें दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित दीक्षोत्सव 2025 के दूसरे दिन का माहौल पूरी तरह युवा उत्साह और कला-साहित्य की रंगत में सराबोर रहा। युवोत्सव यूनिफेस्ट 2025-26 के तहत आयोजित अंग्रेजी वाद-विवाद, निबंध, क्विज, वाक् प्रतियोगिता, राष्ट्रभक्ति समूह गायन और लोक नृत्य जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, ज्ञान और सांस्कृतिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे दिन विश्वविद्यालय के सभागारों में कभी तालियों की गड़गड़ाहट तो कभी मधुर संगीत और लोक धुनों की गूंज सुनाई देती रही। विजेताओं को विशेष सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
कुलपति प्रो. आशु रानी के मार्गदर्शन में अधिष्ठात छात्र कल्याण प्रो. भूपेन्द्र स्वरूप शर्मा द्वारा आयोजित किए गये इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न विभागों एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में संयुक्त विजेता
श्री पन्ना लाल अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में सेन्ट जॉन्स कॉलेज, आगरा की हिबा जाफरी एवं बैकुन्ठी देवी कन्या महाविद्यालय की संस्कृति राठी संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहीं। द्वितीय स्थान बैकुन्ठी देवी कन्या महाविद्यालय की तान्या ने प्राप्त किया, जबकि तृतीय स्थान सेन्ट जॉन्स कॉलेज की सौनी चौधरी के नाम रहा। पन्ना लाल ट्रॉफी बैकुन्ठी देवी कन्या महाविद्यालय की टीम ने जीती।
निबन्ध प्रतियोगिता में मथुरा के रोहित टॊप
निबन्ध प्रतियोगिता में केआर. कॉलेज, मथुरा के रोहित कुशवाह ने प्रथम, दाऊ दयाल महिला महाविद्यालय, फिरोजाबाद की हर्षिता सिंह ने द्वितीय एवं आईओपी वृन्दावन के लक्ष्मी नारायण तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में कुल 21 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन डॉ. प्रवीन कुमार ने किया।
क्विज प्रतियोगिता में रिया ने बाजी मारी
क्विज प्रतियोगिता में बैकुन्ठी देवी कन्या महाविद्यालय की रिया अग्रवाल प्रथम, सेन्ट जॉन्स कॉलेज, आगरा के आशुतोष कुमार द्वितीय और आरबीएस कॉलेज, आगरा के सोनू शर्मा तृतीय स्थान पर रहे। क्विज का संचालन प्रो. एसके जैन एवं सहयोग प्रो. यूएन शुक्ला ने किया।
वाक् प्रतियोगिता में निधि अव्वल
वाक् प्रतियोगिता में सेन्ट जॉन्स कॉलेज, आगरा की निधि ने प्रथम, आगरा कॉलेज, आगरा की इला शर्मा ने द्वितीय एवं स्कूल ऑफ लाइफ साइंस संस्थान की सिद्धिदात्री शुक्ला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। संचालन डॉ. जागृति असीजा ने किया।
समूह गायन प्रतियोगिता में सेंट जॊन्स प्रथम
राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत समूह गायन प्रतियोगिता में 11 टीमों ने भाग लिया। सेन्ट जॉन्स कॉलेज, आगरा की टीम प्रथम, आरबीएस कॉलेज, आगरा की टीम द्वितीय एवं ललित कला संस्थान की टीम तृतीय स्थान पर रही।
समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता में आगरा कॊलेज नंबर वन
समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता में 6 टीमों ने प्रतिभाग किया। आगरा कॉलेज, आगरा की टीम प्रथम, आरबीएस कॉलेज, आगरा की टीम द्वितीय एवं बैकुन्ठी देवी कन्या महाविद्यालय की टीम तृतीय स्थान पर रही।
संपूर्ण कार्यक्रमों के पश्चात प्रो. एसके जैन ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने बताया कि सभी विजेताओं को युवा समारोह के द्वितीय चरण के उपरांत आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम की व्यवस्था में प्रो. अचला गक्कर, प्रो. अर्चना सिंह, प्रो. बिन्दु शेखर शर्मा, प्रो. संतोष बिहारी शर्मा, प्रो. शरद चन्द्र उपाध्याय, डॉ. पूनम तिवारी, डॉ. रुचिरा प्रसाद, डॉ. स्वाती माथुर, डॉ. श्वेता चौधरी, डॉ. वाईके शर्मा, दीपक कुलश्रेष्ठ, दिनेश पचौरी, पराग दीक्षित, मोहित भटनागर आदि का योगदान रहा।