150 स्वयंसेवकों ने झाड़ू उठाकर दिया संदेश, बरसाना को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प, कीर्ति मंदिर से बस स्टैंड तक चला सफाई अभियान, स्वच्छता के बाद संकेत वन में सामूहिक ध्यान से जुड़ा सेवा और साधना का संदेश
बरसाना। ब्रज की पवित्र भूमि को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए रविवार को बरसाना में 150 स्वयंसेवकों ने सड़क पर उतरकर स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान चलाया। ब्रज वैभव अभियान के तहत कीर्ति मंदिर से बस स्टैंड तक चले अभियान में स्वयंसेवकों ने सफाई करने के साथ स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं को ब्रज की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम और हार्टफुलनेस के संयुक्त तत्वावधान में अभियान की शुरुआत कीर्ति मंदिर से हुई। स्वयंसेवकों ने मार्ग में सफाई अभियान चलाया और लोगों से कूड़ा न फैलाने तथा ब्रज की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। इस दौरान “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” संदेश के साथ जनजागरूकता भी की गई।
अभियान में मथुरा, आगरा, गाजियाबाद, इगलास सहित आसपास के विभिन्न हार्टफुलनेस केंद्रों से आए स्वयंसेवकों ने भाग लिया। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमों की सहभागिता से अभियान को व्यापक जनभागीदारी मिली।
स्वच्छता के बाद ध्यान से दिया सेवा का संदेश
स्वच्छता अभियान के बाद सभी स्वयंसेवक हार्टफुलनेस ध्यान केंद्र, संकेत वन पहुंचे। यहां सामूहिक ध्यान किया गया। स्वच्छता, सेवा और ध्यान के इस समन्वय के माध्यम से सामाजिक सरोकार के साथ आध्यात्मिक संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में हार्टफुलनेस के जोनल समन्वयक रमेश वर्मा, सीसी भाई सुरेंद्र शर्मा, यतेंद्र, महेश, सुभाष, ऋषि तोमर, जितेंद्र सिंह, संदीप खन्ना, प्रीतम सिंह और सतीश पालीवाल सहित अनेक स्वयंसेवक मौजूद रहे।
ब्रज वैभव अभियान के माध्यम से ब्रज की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान में शामिल स्वयंसेवकों ने ब्रज की स्वच्छता और गरिमा बनाए रखने के लिए निरंतर सेवा एवं जनजागरूकता गतिविधियां जारी रखने का संकल्प लिया।