आगरा कॉलेज के गौरव के 200 वर्ष: ‘गंगाधर शास्त्री मंडप’ में इतिहास, परंपरा और नए युग की दस्तक, सात संस्थानों और गेस्ट हाउस की नींव रखी गई

दो सौ वर्ष की अद्भुत शिक्षण परंपरा, सांस्कृतिक वैभव और अकादमिक उत्कृष्टता का साक्षी आगरा कॉलेज आज एक बार फिर इतिहास के शिखर पर दिखा। द्विशताब्दी समारोह के अवसर पर यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, शिक्षाविदों और कॉलेज की सातवीं पीढ़ी के संस्थापक वंशजों की उपस्थिति में गंगाधर शास्त्री मंडप में लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। 35 बीघा भूमि पर विकसित होने वाली नई शैक्षणिक परियोजनाओं ने आगरा कॉलेज को शैक्षणिक पुनर्जागरण की नई राह पर अग्रसर कर दिया।

Nov 21, 2025 - 17:55
Nov 21, 2025 - 18:00
 0
आगरा कॉलेज के गौरव के 200 वर्ष: ‘गंगाधर शास्त्री मंडप’ में इतिहास, परंपरा और नए युग की दस्तक, सात संस्थानों और गेस्ट हाउस की नींव रखी गई
आगरा कॊलेज की द्विशताब्दी के मौके पर आगरा कॊलेज में नई परियोजनाओं का शिलान्यास करते उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय। साथ हैं कॊलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रिंसिपल प्रो. सीके गौतम एवं अन्य।

 आगरा कॊलेज के द्विशताब्दी के मौके पर हुए कार्यक्रम की कुछ तस्वीरें।

 गंगाधर शास्त्री मंडप में हुआ ऐतिहासिक आयोजन

आगरा कॉलेज, आगरा की स्थापना के 200 वर्ष पूर्ण होने पर संस्थान में शुक्रवार को हुए भव्य उत्सव में 35 बीघा भूमि पर गंगाधर शास्त्री मंडप इस आयोजन का केंद्र था, जहां प्राचीन शैक्षणिक विरासत और नई अकादमिक दृष्टि का अद्भुत संगम दिखाई दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के आगमन पर एनसीसी के प्रभावशाली गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडलायुक्त एवं प्रबंध समिति अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह ने की।

प्राचार्य ने बताई 200 वर्षों की कहानी और भविष्य की नींव

प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने बताया कि आगरा कॉलेज की स्थापना 21 नवंबर 1823 को पंडित गंगाधर शास्त्री द्वारा दान की गई भूमि पर हुई थी। लंबे समय से अप्रयुक्त पड़ी 35 बीघा भूमि को पुनः उपयोग में लाने, बाउंड्री वॉल निर्माण और नई शैक्षणिक परियोजनाओं के शिलान्यास को उन्होंने महाविद्यालय की बड़ी उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि यह भूमि आने वाली पीढ़ियों के शोध, नवाचार और उच्च शिक्षा का केंद्र बनेगी।

इतिहास की पुनरावृत्ति और 200 वर्ष की गौरवगाथा

प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कॉलेज के गौरवशाली इतिहास को पुनः स्मरण कराया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1823 में गंगाधर शास्त्री का भूमि दान हुआ। 1923 में शताब्दी वर्ष के मौके पर वायसराय अर्ल ऑफ़ रीडिंग का आगमन हुआ। 1927 में आगरा विश्वविद्यालय की स्थापना हुई। 125वें वर्ष में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की उपस्थिति हुई। 150वें वर्ष के मौके पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संबोधन हुआ। 2025 में द्विशताब्दी समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की मौजूदगी रही।

विकसित भारत की नींव विकसित उत्तर प्रदेश है- उच्च शिक्षा मंत्री

मुख्य अतिथि योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि यह आयोजन पंडित गंगाधर शास्त्री का सच्चा सम्मान है, जिन्होंने दो सदियों पहले शिक्षा के लिए भूमि दान कर अगुवाई की थी।
उन्होंने युवाओं से कौशल विकास, राष्ट्रभक्ति और ज्ञान-विज्ञान आधारित शिक्षा को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगरा कॉलेज की नई परियोजनाएं उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय शिक्षा मानचित्र पर एक नई पहचान देंगी।

सातवीं पीढ़ी के वंशज पहुंचेः भावुक पल, ऐतिहासिक दस्तावेज सौंपे

करहरी ग्राम, जिला गया (बिहार) से आए पंडित गंगाधर शास्त्री के परिवार की सातवीं पीढ़ी के सदस्यों का आगमन समारोह की सबसे भावुक घड़ी रही।
उन्होंने अपने पूर्वजों से जुड़े महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेज भी महाविद्यालय को सौंपे।
विद्यालय की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।

संस्था अपने स्वर्णिम काल की ओर लौट रही है- मंडलायुक्त

मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कॉलेज पुनः अपनी उत्कृष्ट परंपरा के शिखर को छूने की ओर है। उन्होंने छात्रों को सकारात्मक ऊर्जा, आचरण, लक्ष्य-साधना और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गंगाधर शास्त्री के सपनों को साकार करना हमारा सामूहिक दायित्व है।

आठ नयी परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

मुख्य अतिथि योगेंद्र उपाध्याय द्वारा जिन प्रमुख संस्थानों का लोकार्पण/शिलान्यास किया गया, उनमें आचार्य चाणक्य परीक्षा भवन, गणेश शंकर विद्यार्थी पत्रकारिता एवं जनसंचार संस्थान, गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर विदेशी भाषा अध्ययन केंद्र, पं. गंगाधर शास्त्री प्राच्य विद्या व संस्कृति अध्ययन केंद्र, डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक न्याय अध्ययन केंद्र, ब्रज कौशलधाम कौशल विकास संस्थान, यूजीसी–एचआरडी अकादमिक स्टाफ कॉलेज और आगरा कॉलेज अतिथि गृह शामिल है।

इनसे महाविद्यालय में शोध, नवाचार, व्यवसायिक प्रशिक्षण और शैक्षणिक विस्तार की नई दिशा तय होगी।

मंच पर प्रो. एस. पी. सिंह (प्राचार्य, सेंट जॉन्स कॉलेज), प्रो. वंदना अग्रवाल (प्राचार्या, बी. जैन कॉलेज), आगरा कैंट विधायक डॉ जी एस धर्मेश , प्रो. राजेश प्रकाश (क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, आगरा मंडल), महिला आयोग की सदस्य श्रीमती निर्मला दीक्षित, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता तथा उप्र विश्वविद्यालय-महाविद्यालय महासंघ के अध्यक्ष प्रो. वीरेंद्र सिंह चौहान प्रोफेसर जयंती रंजन शारदा विश्वविद्यालय सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शिव तांडव ने मोहित किया

कॊलेज के द्विशताब्दी समारोह में छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। प्रस्तुतियों में शिव तांडव, भारतीय सांस्कृतिक विविधता पर समूह नृत्य को विशेष सराहना मिली। इसी दौरान वार्षिक पत्रिका “वाणी”—द्विशताब्दी विशेषांक का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम में आगरा कॉलेज, आंबेडकर विश्वविद्यालय, विश्वविद्यालय और विभिन्न महाविद्यालयों के 100+ प्राध्यापक, पूर्व प्राचार्य, शोधकर्ता तथा शिक्षाविद् उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति ने समारोह को ऐतिहासिक स्वरूप दे दिया। धन्यवाद ज्ञापन एसोसिएट प्रोफेसर शशिकांत पांडे ने किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशिकांत पांडे और प्रो. शैफाली चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से किया।

SP_Singh AURGURU Editor