बरेली में शादी के 28 दिन बाद नवविवाहिता का शव तालाब में तैरता मिला शव, पति हिरासत में लिया गया

बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र में शादी के मात्र 28 दिन बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थियों में मौत से सनसनी फैल गई। 24 वर्षीय ज्योति का शव घर के पीछे बने तालाब में तैरता मिला, जिसके बाद पुलिस ने पति को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। मायके पक्ष ने अनहोनी की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।

Nov 29, 2025 - 23:39
Nov 29, 2025 - 23:41
 0
बरेली में शादी के 28 दिन बाद नवविवाहिता का शव तालाब में तैरता मिला शव, पति हिरासत में लिया गया
मृतका ज्योति का फाइल फोटो।


-आरके सिंह-
बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक नवविवाहिता की मौत ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। 24 वर्षीय ज्योति का शव घर के पीछे बने तालाब में तैरता मिला। पड़ोसियों की सूचना पर परिवार और पुलिस मौके पर पहुँची।
थाना सुभाषनगर प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने कहा कि मायके पक्ष की तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मायके पक्ष ने जताई अनहोनी की आशंका
मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी ज्योति की शादी 1 नवंबर को हुई थी, जिसे सिर्फ 28 दिन ही हुए थे। शुक्रवार शाम उन्होंने जब बेटी को कॉल किया, तो उसने फोन नहीं उठाया। शनिवार सुबह दोबारा संपर्क करने पर ससुराल वालों ने बताया कि ज्योति की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। इसके कुछ देर बाद ही मौत की खबर दे दी गई।
परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे पड़ोसियों ने तालाब में किसी के गिरने की सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो ज्योति का शव तैरता मिला। उसे तुरंत विनायक अस्पताल ले जाया गया, फिर प्रताप अस्पताल, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आत्महत्या नहीं कर सकती मेरी बेटी- पिता
ज्योति के पिता ने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने बताया कि शादी में पूरा दहेज दिया गया था और अधिकांश सामान अभी तक खोला भी नहीं गया था। इससे वे किसी साजिश या अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।
थाना प्रभारी ने दोहराया कि मामला संदिग्ध है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पति हिरासत में है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही निष्कर्ष निकलेगा।