आगरा के न्यू आगरा क्षेत्र से 800 किलो अवैध आतिशबाजी जब्त, दो आरोपी हिरासत में लिये गये

आगरा। दीपावली से पहले आगरा पुलिस ने अवैध पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यू आगरा क्षेत्र में 800 किलो अवैध आतिशबाजी जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जो बिना लाइसेंस के भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण कर रहे थे।

Oct 11, 2025 - 13:12
 0
आगरा के न्यू आगरा क्षेत्र से 800 किलो अवैध आतिशबाजी जब्त, दो आरोपी हिरासत में लिये गये

यह छापेमारी एसीपी अक्षय संजय महादिक के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस टीम ने अमर विहार चौकी के पास स्थित एक गोदाम से यह अवैध सामग्री बरामद की।

बिना लाइसेंस के कर रहे थे भंडारण

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान आकाश और अंकुर के रूप में हुई है। ये दोनों त्योहारों से पहले बाजार में सप्लाई करने के लिए गुप्त रूप से भारी मात्रा में आतिशबाजी का स्टॉक तैयार कर रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इनके पास किसी प्रकार का वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र नहीं था, फिर भी यह व्यवसायिक स्तर पर विस्फोटक सामग्री का संग्रह कर रहे थे, जो कि खतरनाक और गैरकानूनी है।

सिकंदरा में भी हुई थी कार्रवाई

इससे एक दिन पहले शुक्रवार को सिकंदरा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर (शास्त्रीपुरम) में भी पुलिस ने तय सीमा से अधिक मात्रा में आतिशबाजी मिलने पर कार्रवाई की थी। यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जो यह दिखाती है कि आगरा पुलिस त्योहारों से पहले अवैध पटाखों पर सख्त रवैया अपना रही है।

विस्फोट अधिनियम के तहत दर्ज हुआ केस

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बरामद आतिशबाजी को सील कर दिया गया है और मौके की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।

एसीपी अक्षय संजय महादिक ने कहा कि हम किसी भी स्थिति में अवैध पटाखा भंडारण की अनुमति नहीं देंगे। यह जन सुरक्षा के लिए खतरा है। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

SP_Singh AURGURU Editor