आगरा कैंट से गायब चार साल के आर्यन को ग्वालियर का कोमल ले गया था, बरामद, दंपति गिरफ्तार

आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से विगत 14 जून को लापता हुआ चार साल का मासूम आर्यन रेलवे पुलिस की तेज़ कार्रवाई के चलते ग्वालियर से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने इस मामले में एक दंपति को गिरफ्तार किया है, जिसने बेटे की चाहत में बच्चे को अगवा किया और पहचान छिपाने के लिए उसका हुलिया भी बदल दिया था।

Jun 17, 2025 - 08:52
 0
आगरा कैंट से गायब चार साल के आर्यन को ग्वालियर का कोमल ले गया था, बरामद, दंपति गिरफ्तार
आगरा कैंट से गायब बच्चे की बरामदगी के बारे मं बताते एसपी जीआरपी अभिषेक वर्मा। चित्र में आरोपी कोमल सिंह और उसकी पत्नी रानी भी हैं।

-48 घंटे से कम समय में रेलवे पुलिस ने सकुशल किया बरामद, बेटे की चाह में मजदूर उठा ले गया था इस बच्चे को

स्टेशन की लिफ्ट से पहुंचा ऊपर, फिर हुआ अगवा

14 जून की रात करीब 10 बजे आर्यन की मां ने जीआरपी को सूचना दी कि उसका बेटा दोपहर से स्टेशन परिसर से लापता है। जीआरपी ने तत्काल स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए, जिसमें पाया गया कि बच्चा मां से बिछड़कर लिफ्ट के जरिये फुटओवर ब्रिज पर जा पहुंचा। वहां एक अनजान व्यक्ति उसे अपने साथ लेकर ग्वालियर की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन में बैठ गया।

पुलिस की 14 टीमें, 200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले

बच्चे की तलाश के लिए एसपी जीआरपी अभिषेक वर्मा के निर्देश पर 14 पुलिस टीमें गठित की गईं। आगरा से ग्वालियर के बीच ट्रेन के हर ठहराव वाले स्टेशन पर पुलिस टीमों ने तलाश शुरू की। पता चला कि यह व्यक्ति बच्चे को लेकर ग्वालियर स्टेशन पर उतरा है। ग्वालियर स्टेशन पर मिले सुराग से जांच आगे बढ़ी और ग्वालियर शहर के सीसीटीवी कैमरों के विश्लेषण से टीम आरोपी तक जा पहुंची।

आरोपी मजदूर और उसकी पत्नी गिरफ्तार

एसपी जीआरपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि ग्वालियर निवासी कोमल सिंह और उसकी पत्नी रानी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में कोमल ने बताया कि उसकी तीन बेटियां हैं। आगरा कैंट स्टेशन पर आर्यन को लावारिस देख उसके मन में बेटे की चाहत का लालच आ गया था और उसने आर्यन को अगवा कर लिया। पहचान छिपाने के लिए इस दंपति ने बच्चे के बाल भी कटवा दिए गए थे। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि कोमल सिंह मजदूर है और ग्वावियर और आगरा के बीच आएदिन ट्रेन से आया-जाया करता है।

48 घंटे में सकुशल वापसी, पुलिस को इनाम

एसपी जीआरपी ने बताया कि 200 से अधिक कैमरों की जांच और 200 से अधिक लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बच्चे को 48 घंटे से भी कम समय में सुरक्षित बरामद कर लिया। इस सराहनीय कार्य के लिए अपर पुलिस महानिदेशक (रेलवे) ने पुलिस टीम को ₹10,000 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। आरोपी कोमल सिंह और उसकी पत्नी रानी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor