वक़्फ़ बिल के विरोध में आगरा के मुसलमानों ने 15 मिनट तक घरों की बिजली रखी बंद
आगरा। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के आह्वान पर मुस्लिम समुदाय ने बीती रात वक़्फ़ संशोधन एक्ट के खिलाफ अपने घरों व दुकानों, मस्जिद और मदरसों की लाइटों को बंद कर विरोध जताया। विरोध प्रदर्शन 15 मिनट तक चला।
वक़्फ़ बिल कानून का मुस्लिम संगठन लगातार विरोध कर रहे हैं। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने वक़्फ़ बिल के विरोध में बीती रात यानि 30 अप्रैल को रात में 15 मिनट के लिए मुसलमानों से लाइट बंद रखने की अपील की थी। मुस्लिम समाज ने वक़्फ़ बोर्ड के पक्ष में आवाज़ को बुलंद करते हुए रात 9 बजे से 9. 15 बजे तक अपने घरों, दुकानों, मस्जिद और मदरसों की लाइट बंद रखकर विरोध किया।
विरोध आगरा शहर के प्रमुख मुस्लिम इलाकों प्रभावी ढंग से देखने को मिला। खेरियामोड़, नाई की मंडी, एत्माद्दोला, मंटोला, ताजगंज आदि क्षेत्रों में मुस्लिम समाज ने लाइट बन्द कर विरोध जताया। जब से वक़्फ़ संशोधन बिल संसद में पास होकर कानून बना है, तब से इसका विरोध लगातार जारी है।
वक़्फ़ बिल के विरोध में मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड देश भर में प्रदर्शन कर रहा है। इधर एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी ने भी जनता से अपील की थी कि वह 30 अप्रैल को रात 9:00 बजे से 9:15 बजे तक अपने घरों और दुकानों की लाइटों को बंद रखें। ताकि वक़्फ़ संशोधन बिल के खिलाफ अपना विरोध जता सके।वक़्फ़ कानून को लेकर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। वक़्फ़ बिल के विरोध में अलग-अलग मुस्लिम संगठनों ने विरोध जताना शुरू कर दिया है।