ईद पर कुर्बानी अदब के साथ हो, मोहब्बत का पैग़ाम बने त्योहार: शब्बीर अब्बास
आगरा। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता जनाब शब्बीर अब्बास ने आगामी ईद-उल-अज़हा (7 जून 2025) के अवसर पर मुस्लिम समुदाय से अपील की है कि वे कुर्बानी के पाक मौके को अदब, उसूलों और क़ानूनी दिशा-निर्देशों के तहत मनाएं। उन्होंने कहा कि कुर्बानी केवल एक धार्मिक रिवायत नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और ज़िम्मेदारी का भी प्रतीक है।
-समाजवादी पार्टी नेता ने मुस्लिम समाज से की शांति, सफ़ाई और क़ानून पालन की अपील
शब्बीर अब्बास ने कहा, कुर्बानी एक पाक इबादत है, मगर इसके साथ हमारी समाजी और शहरी ज़िम्मेदारियां भी वाबस्ता हैं। कोशिश करें कि किसी को भी आपके अमल से तकलीफ़ या बदज़ौक़ी न हो।
उन्होंने विशेष रूप से समुदाय से आग्रह किया खुले स्थानों या सार्वजनिक जगहों पर कुर्बानी न करें। प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों या निजी परिसरों में ही कुर्बानी की जाए। कुर्बानी के बाद बचे अवशेषों को खुले में न फेंका जाए, उनका उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। पड़ोसियों, विशेष रूप से गैर-मुस्लिम साथियों और राहगीरों की भावनाओं का सम्मान किया जाए।
श्री अब्बास ने बताया कि 2023 में उत्तर प्रदेश में लगभग 20.4 लाख कुर्बानियां हुई थीं और उनमें से 85% से अधिक लोगों ने नियमों का पूर्ण पालन किया था। उन्होंने आशा जताई कि इस वर्ष भी ऐसा ही सौहार्दपूर्ण और अनुशासित वातावरण देखने को मिलेगा।
प्रशासन से की व्यवस्थाओं को चुस्त करने की अपील
उन्होंने प्रशासन से भी अपील की कि कुर्बानी के दौरान सफ़ाई, कचरा निस्तारण, हेल्पलाइन और शांति व्यवस्था जैसे इंतज़ाम समय से किए जाएं। ईद सिर्फ जानवर की कुर्बानी का नहीं, बल्कि नफ़्स की कुर्बानी, दिलों को जोड़ने और समाजी यकजहती का पैग़ाम देती है।
पुलिस कमिश्नर से की मुलाकात
शब्बीर अब्बास ने बताया कि उन्होंने पुलिस कमिश्नर श्री दीपक कुमार से भेंट की और उन्हें शहर में अमन और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के मुद्दों से अवगत कराया। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि त्योहार से पहले सभी ज़रूरी इंतज़ाम मुकम्मल कर लिए जाएं ताकि यह मुक़द्दस दिन शांति और भाईचारे के साथ मनाया जा सके।