आगरा के शशांक गुप्ता ने उत्तर प्रदेश विधान सभा में तालियां बजवा दीं
आगरा। विकसित भारत- युवा संसद महोत्सव 2025 कार्यक्रम के तहत लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश विधानसभा में प्रदेश भर के 240 प्रतिभागियों में से एक आगरा के शशांक गुप्ता ने अपनी ओजपूर्ण वाणी से निर्णायक मंडल के विद्वान मनीषियों व निर्णायक मंडल को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
विकसित भारत- युवा संसद महोत्सव 2025 में भारत को विकसित बनाने पर रखे अपने विचार
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम के तहत जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी दो दिवसीय राज्य स्तरीय विकसित भारत- युवा संसद में प्रतिभाग करने उत्तर प्रदेश की विधानसभा में लखनऊ पहुंचे।
इसमें प्रतिभाग करते हुए आगरा निवासी शिवकुमार गुप्ता के पुत्र शशांक गुप्ता ने भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए 11 संकल्प पर विस्तार से अपना पक्ष विधानसभा के पटल पर रखा। दिल्ली विश्वविद्यालय के डिपार्मेंट आफ पॉलिटिकल साइंस से मास्टर डिग्री कर रहे शशांक गुप्ता ने अपने वक्तव्य में उच्च व उच्चतम न्यायालय में अंग्रेजी की अनिवार्यता व हिंदी की आवश्यकता पर तथ्य प्रस्तुत किये। साथ ही भारतीय संविधान में अधिकार व कर्तव्यों की व्याख्या की।
शशांक गुप्ता ने कहा कि हमें अपराधी को नहीं बल्कि अपराध को खत्म करना है। उनका कहना था कि विकसित भारत के स्वप्न पर उन्होंने कहा कि विकास का पैमाना प्रति व्यक्ति आय नहीं, वरन प्रत्येक व्यक्ति की आय में इजाफा होना चाहिए तभी भारत विश्व प्रसन्नता सूची में 126 से प्रथम स्थान पर आएगा, तभी सही मायने में भारत विकसित कहलाएगा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विधान विधान परिषद अध्यक्ष कुंवर मानवेंद्र सिंह, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, खेल मंत्री गिरीश चंद यादव, विधायकगण, शासन के तमाम सचिव स्तरीय अधिकारी व अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शशांक गुप्ता की इस उपलब्धि पर ग्वार्रे माहौर वैश्य समाज व अखिल भारतीय माहौर ग्वार्रे वैश्य महासभा ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की है। साथ ही उन्हें बधाइयां प्रेषित की हैं।