डब्ल्यूटीसी फाइनलः स्टार्क की गेंदबाज़ी के साथ ऑस्ट्रेलिया ने अफ्रीका को दिया 282 रन का टारगेट
लॉर्ड्स (लंदन)। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 282 रनों का टारगेट खड़ा किया है। तीसरे दिन टी ब्रेक तक साउथ अफ्रीका ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 94 रन बना लिए हैं।
एडन मार्करम 49 रन और कप्तान टेम्बा बावुमा 11 रन पर नाबाद हैं, जबकि रायन रिकेल्टन (6) और वियान मुल्डर (27) रन बनाकर मिचेल स्टार्क का शिकार बने। मैच अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है।
स्टार्क का जलवा, ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 207 पर सिमटी
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी 8 विकेट पर 144 रन से आगे शुरू की और 207 रन पर ऑलआउट हो गई। मिचेल स्टार्क 58 रन पर नाबाद लौटे। उन्होंने जोश हेजलवुड (17 रन) के साथ 10वें विकेट के लिए 59 रन की बहुमूल्य साझेदारी की। इससे पहले एलेक्स कैरी ने 43 रन और मार्नस लाबुशेन ने 22 रन का योगदान दिया।
साउथ अफ्रीका की गेंदबाज़ी में रबाडा चमके
दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा ने 4 विकेट, जबकि लुंगी एनगिडी ने 3 विकेट चटकाए। मार्को यानसन, वियान मुल्डर और एडन मार्करम को भी 1-1 सफलता मिली।
पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 212 रन बनाए थे, जबकि साउथ अफ्रीका 138 रन पर सिमट गई थी, जिससे ऑस्ट्रेलिया को 74 रन की बढ़त मिली।
जीत के लिए 282, अभी 188 रन और ज़रूरी
तीसरे दिन के दूसरे सत्र तक साउथ अफ्रीका को जीत के लिए अब 188 रन और बनाने हैं, जबकि उसके 8 विकेट शेष हैं। अगर अफ्रीकी बल्लेबाज़ टिके रहते हैं तो मैच चौथे दिन तक खिंच सकता है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज़ जल्द समापन की फिराक में हैं।