अभिनेता  श्रेयस तलपडे को गिरफ्तारी से मिली राहत, सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक

अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा' की आवाज बने श्रेयस तलपड़े धोखाधड़ी के आरोपों में फंसे हैं। हालांकि इस वक्त सुप्रीम कोर्ट की ओर से उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी गई है। इससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। हरियाणा की एक मल्टी मार्केटिंग फर्म से जुड़ा है ये धोखाधड़ी का मामला।  

Jul 21, 2025 - 17:32
 0
अभिनेता  श्रेयस तलपडे को गिरफ्तारी से मिली राहत, सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक

 
मुंबई। अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा' की आवाज बने अभिनेता श्रेयस तलपडे पिछले कुछ समय से एक बड़ी मुसीबत में फंसे हैं। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से उन्हें राहत मिली है और उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी गई है।  श्रेयस तलपड़े पर एक सोसाइटी की तरफ से धोखाधड़ी और विश्वासघात का आरोप है।

जज बी.वी. नागरत्ना और जज के.वी. विश्वनाथन की बेंच ने सुनवाई करते हुए एक्टर को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा दी और हरियाणा पुलिस समेत अन्य को नोटिस जारी कर इस मामले में सफाई मांगी है।  

सुप्रीम कोर्ट ने तलपडे समेत अन्य एक्टर्स और फर्म के ब्रैंड एंबेसडर को एफआईआर में शामिल करने पर हरियाणा पुलिस से जवाब मांगा है। दरअसल, ये पूरा मामला इंदौर में रजिस्टर्ड एक कंपनी, 'ह्यूमन वेलफेयर क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी' के प्रमोशन से जुड़ा है। ये फर्म लोगों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गई है।

कंपनी ने श्रेयस तलपडे और आलोक नाथ को अपना ब्रैंड एंबैसडर बताकर चिट फंड स्कीम निकाली थी। इस कंपनी पर आरोप है कि इसने 6 साल में दोगुना रकम देने का झांसा दिया। इस स्कीम का लालच देकर कंपनी ने 45 लोगों से 9.12 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। ऑपरेटर्स ने एजेंट के तौर पर जुड़ने वालों को मैनेजर का पद देकर अन्य लोगों को जोड़ने के लिए प्रेरित किया। करोड़ों रुपये हड़पने के बाद नवंबर में सोसायटी के ऑफिस अचानक से बंद होने लगे, जिसके बाद पीड़ितों ने अलग-अलग जगह इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई।

इस कड़ी में सोनीपत जिले के गांव हसनपुर के युवक विपुल ने भी श्रेयस तलपडे और आलोक नाथ सहित 13 लोगों के खिलाफ मुरथल पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी और विश्वासघात के मामले में केस दर्ज कराई। इस केस में नामजद 13 लोगों में इंदौर के नरेंद्र नेगी, दुबई में रहने वाले समीर अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, परिक्षित पारसे, मुंबई निवासी आरके शेट्टी, मुख्य ट्रेनर राजेश टैगोर, संजय मुदगिल, हरियाणा हेड पप्पू शर्मा, चंडीगढ़ निवासी आकाश श्रीवास्तव, चेस्ट ब्रांच अधिकारी रामकंवार झा, पानीपत निवासी शबाबे हुसैन तो वहीं ब्रांड एंबेसडर के तौर पर एक्टर आलोक नाथ और श्रेयस तलपडे शामिल हैं।