हिंसा भड़कने के बाद गांधीनगर का बहियल गांव छावनी बना, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
गांधीनगर। गुजरात की राजधानी गांधीनगर के बहियल गांव में बीते बुधवार (24 सितंबर) की रात को आई लव मोहम्मद और आई लव महादेव स्टेटस को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। बुधवार की रात को एक विशेष समुदाय ने गरबा पंडाल के पास हिंदू इलाके में पत्थरबाजी की। दुकानों को आग लगा दी गई और हिंसा भड़क गई। इस मामले में अब तक 60 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इलाके में आज भी बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात हैं और तनाव चरम पर है।
गांधीनगर के एसपी ने बताया है कि 'आई लव' विवाद के कारण यह हिंसा भड़की है। सोशल मीडिया पर जवाबी पोस्ट के बाद तनाव फैल गया। दावा है कि लोग किसी आपत्तिजनक शब्द पर भड़के और हिंसा पर उतर आए।
कल रात को बहियल गांव में एसके पटेल नाम के एक व्यक्ति ने अपने व्हॉट्सएप स्टेटस पर लिखा था, "सभी को 'आई लव महादेव' का स्टेटस लगाना चाहिए क्योंकि आजकल मुस्लिम लोग आई लव मोहम्मद का स्टेटस लगा रहे हैं। उनका विरोध करने के लिए और हमें महादेव का स्टेटस लगाना चाहिए।'
एसपी ने बताया, "इस स्टेटस को देखकर मुस्लिम समाज के लोगों में गुस्सा फैल गया। लोग इकट्ठा हुए और हिंदू इलाके में जाकर, दुकानों का सामान बाहर निकाल कर उसे जलाया गया। इसके बाद नजदीक हिंदू विस्तार की तरफ गए, वहां पत्थरबाजी की गई। इसके बाद हिंदू समाज के लोगों ने जवाब देते हुए पत्थरबाजी की।"
हिंसा का मामला संज्ञान में आते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। पत्थरबाजी में शामिल 50 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के पास 30 लोगों के नाम भी आ गए हैं। उनके ऊपर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ भी जारी है।
पुलिस के पास 20 अन्य संदिग्धों के नाम हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में अभी शांति है। गांव के हर नुक्कड़ और चौराहे को पुलिस ने अपने कंट्रोल में ले लिया है और स्थिति सामान्य बनी हुई है। पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।