आगरा कॊलेज शिक्षकों ने उच्च शिक्षा में भी कैशलेस इलाज मांगा, चिकित्सा अवकाश बहाली की मांग भी

आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किए जाने के यूपी सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए अब यह मांग जोर पकड़ने लगी है कि इस सुविधा का विस्तार उच्च शिक्षा विभाग, विशेषकर अनुदानित महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों तक भी किया जाए। इसके साथ ही उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को पूर्व में प्राप्त चिकित्सा अवकाश, जिसे समाप्त कर दिया गया है, उसे पुनः बहाल किए जाने की भी मांग उठाई गई है।

Jan 30, 2026 - 22:13
 0
आगरा कॊलेज शिक्षकों ने उच्च शिक्षा में भी कैशलेस इलाज मांगा, चिकित्सा अवकाश बहाली की मांग भी
आगरा में उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों की ओर से कैशलेस चिकित्सा सुविधा और चिकित्सा अवकाश बहाली की मांग को लेकर उच्च शिक्षा कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय से शिष्टाचार भेंट करता प्रतिनिधिमंडल।

इन्हीं दो महत्वपूर्ण और शिक्षक-हितैषी मांगों को लेकर आगरा कॊलेज के शिक्षकों ने उच्च शिक्षा कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय से मुलाकात की। आगरा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी. के. गौतम, स्टाफ क्लब के सचिव प्रो. विजय कुमार सिंह, पूर्व ऑटा महामंत्री डॉ. भूपेंद्र कुमार चिकारा, संयुक्त सचिव प्रो. शशिकांत पांडेय तथा पूर्व उपाध्यक्ष प्रो. दिग्विजय पाल सिंह मुलाकात करने वालों में शामिल थे।

शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा को उच्च शिक्षा विभाग तक लागू करने तथा चिकित्सा अवकाश की बहाली से संबंधित लिखित प्रतिवेदन मंत्री को सौंपते हुए कहा कि उच्च शिक्षा के शिक्षक भी समान रूप से सेवा में कार्यरत हैं और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रखा जाना न्यायसंगत नहीं है।

मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं कर्मचारियों से जुड़ी दोनों मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल की ओर से मंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं भी दी गईं। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से डॉ. आनंद प्रताप सिंह, प्रो. शशिकांत पांडेय, प्रो. भूपेंद्र कुमार चिकारा, प्रो. गौरव कौशिक, प्रो. शिव कुमार सिंह, प्रो. उमेश कुमार, प्रोफेसर एम. एम. खान, प्रोफेसर संजीव शर्मा, प्रो. शिववीर सिंह यादव, प्रो. कृष्णवीर सिंह यादव, प्रोफेसर डी. पी. सिंह, प्रो. शरद भारद्वाज, प्रोफेसर आकाश भारद्वाज, डॉ. सत्यदेव शर्मा, प्रो. चेतन गौतम, प्रो. अमित यादव, शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गौरव शर्मा, राजीव सिंह, शाहिद सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor