आगरा धर्मांतरण पार्ट-2 लालवानी उर्फ पास्टर अब तक 80 परिवारों को बना चुका है ईसाई, बहनें भी शामिल
आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र के केदार नगर में प्रार्थना सभा की आड़ में चल रहे धर्मांतरण गैंग की परतें खुलती जा रही हैं। अब खुलासा हुआ है कि इस गैंग का सरगना राजकुमार लालवानी उर्फ पास्टर अकेला नहीं है, बल्कि उसका पूरा परिवार इस साजिश में लिप्त है। अमेरिका और उल्हासनगर (महाराष्ट्र) में रह रहीं उसकी बहनें भी इस मिशन को चला रही हैं। पुलिस अब लालवानी को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि और गहराई में जाकर जड़ों को पकड़ा जा सके। अब तक यह गैंग 80 से ज्यादा गरीब और दलित परिवारों को धर्मांतरित करा चुका है।
समाजसेवियों ने किया बड़ा पर्दाफाश
इस पूरे खेल का पर्दाफाश घनश्याम हेमलानी, सुनील करमचंदानी और अनूप भोजवानी की मेहनत से हुआ। इन तीनों ने आज पत्रकार वार्ता में बताया कि कैसे पिछले दो महीने से वे गैंग की गतिविधियों पर नज़र रखे हुए थे। हेमलानी ने कहा कि जब उनके परिवार को धर्मांतरण की साजिश में फंसाने का प्रयास हुआ, तब उन्होंने और सुनील कर्मचंदानी ने इसकी जानकारी उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय को दी। मंत्री ने न केवल हिम्मत बंधाई बल्कि समाज की रक्षा के लिए खुलासा करने को भी प्रेरित किया।
धर्म की खातिर हमारे पूर्वज सब कुछ पाकिस्तान में छोड़ आए
समाजसेवियों ने बताया कि पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस की लगातार निगरानी के बाद आखिरकार धर्मांतरण गैंग की साजिश का खुलासा हुआ। उन्होंने कहा कि हमारे सिंधी समाज के पूर्वज पाकिस्तान से अपना सब कुछ छोड़कर भारत आए, लेकिन अपने धर्म से कभी समझौता नहीं किया। ऐसे में पैसे और लालच देकर धर्म बदलवाने वालों पर सबसे कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
हिडन कैमरे से जुटाए सबूत
घनश्याम हेमलानी और सुनील करमचंदानी ने बताया कि लालवानी के प्रार्थना स्थल पर मोबाइल ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित था। आने-जाने वालों की सख्त चेकिंग होती थी। इसके बावजूद उन्होंने दिल्ली से हिडन कैमरा वाला चश्मा मंगाया और उसी से प्रार्थना सभा का पूरा वीडियो सबूत इकट्ठा किया और पुलिस को उपलब्ध कराया।
हिंदू देवी-देवताओं को बताते थे शैतान
गैंग का सरगना राजकुमार लालवानी उर्फ पास्टर प्रार्थना सभा में हिंदू समाज के लोगों को गुमराह करता था। वह कहता था कि हिंदू देवी-देवता शैतान हैं, उन्हीं के कारण आपकी बीमारी और गरीबी खत्म नहीं हो रही। इसके बाद वह यीशु की कृपा से सब कुछ ठीक होने का झांसा देता था। गरीब और दलित परिवारों को इसी बहकावे में लाकर उनका धर्म बदलवाया जाता था।
उच्चस्तरीय जांच हो, आरोपियों के घर पर बुलडोजर चले
घनश्याम हेमलानी और करमचंदानी ने कहा कि पूरे खुलासे में योगेंद्र उपाध्याय की प्रेरणा और सहयोग अहम रहा। उन्होंने ही साहस दिया कि ऐसे बड़े गैंग का पर्दाफाश किया जाए। प्रेस वार्ता में दोनों ने मंत्री और पुलिस प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच एजेंसी से जांच होनी चाहिए और साथ ही आरोपियों की संपत्ति पर बुलडोजर चलाकर समाज को सख्त संदेश देना चाहिए।
मौके पर रही ये मौजूदगी
पत्रकार वार्ता में पार्षद रवि दिवाकर, अरुण पाराशर, डॉन भाई, हेमंत शोभनानी, नागेंद्र गौतम, राजा केसवानी, दिलीप सिंह तोमर, किशोर तेजनानी, रोबिन सिंह तोमर, गुलाब सोनी, राकेश चहर, अंकुश चौहान, गोपाल ठाकुर, सचिन सक्सेना, जय रजवानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।