आगराः श्री शांतिनाथ महामंडल विधान में उमड़ी श्रद्धा, पूजा-अर्चना से गूंजा मंदिर परिसर

आगरा। गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे सोलह दिवसीय श्री शांतिनाथ महामंडल विधान के पंद्रहवें दिन शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति की अनूठी छटा देखने को मिली। दिन की शुरुआत भगवान शीतलनाथ की भव्य शांतिधारा से हुई, जिसका सौभाग्य नायक परिवार को प्राप्त हुआ। इसके बाद इंद्र-इंद्राणियों ने पारंपरिक विधि-विधान से आराधना करते हुए विधान की मांगलिक क्रियाएं संपन्न कीं।

Aug 8, 2025 - 22:23
 0
आगराः श्री शांतिनाथ महामंडल विधान में उमड़ी श्रद्धा, पूजा-अर्चना से गूंजा मंदिर परिसर
गुदड़ी मंसूर खां स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन मंदिर में शुक्रवार को आयोजित श्री शांतिनाथ महामंडल विधान की एक झलक।

इस विशेष अवसर पर आगरा दिगंबर जैन परिषद के पदाधिकारियों और नवीन कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। यह संपूर्ण विधान पं. सौरभ जैन शास्त्री के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। उन्होंने इस अवसर पर विधान का महत्व बताते हुए कहा कि जैन संस्कृति में शुक्ल पक्ष के सोलह दिन अत्यंत पुण्यदायक माने जाते हैं।

उन्होंने कहा कि पुराणों में उल्लेख मिलता है कि रामायण काल में जब मथुरा में महामारी फैली थी, तब एक अवध ज्ञानी मुनिराज के उपदेश से शांतिनाथ भगवान की 16 दिवसीय पूजा-अर्चना कर महामारी का शमन हुआ। तभी से यह विधान जैन परंपरा में विशेष महत्व रखता है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का मंदिर समिति द्वारा दुपट्टा व माला पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर राकेश जैन पर्देवाले, सुनील जैन ठेकेदार, मनीष जैन, सुभाष जैन, जिनेंद्र जैन, अनंत जैन, राकेश जैन पार्षद, मनोज जैन, वीरेंद्र जैन, देवेंद्र जैन, रविंद्र जैन, संजीव जैन, धर्मेंद्र जैन, विपिन जैन, ध्रुव जैन, सुशीला जैन, शांत जैन, सुनीता जैन, सुमन जैन सहित जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor