जूनियर रोलबाल में आगरा का डंका, यूपी टीम को दिलाया ऐतिहासिक सिल्वर, पांच साल का सपना हुआ पूरा
आगरा। आगरा के युवा रोलबाल खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर अपना लोहा मनवाते हुए उत्तर प्रदेश की टीम को ऐतिहासिक सफलता दिलाई है। 29 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक जम्मू-कश्मीर में आयोजित 17वीं जूनियर रोलबाल चैंपियनशिप में आगरा के खिलाड़ियों ने यूपी टीम का प्रतिनिधित्व किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों की टीमें मैदान में उतरीं, जहां मुकाबले बेहद कड़े और रोमांचक रहे।
जम्मू-कश्मीर में आयोजित 17वीं जूनियर रोलबाल चैंपियनशिप में आगरा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, फाइनल तक अजेय सफर
आगरा। आगरा के युवा रोलबाल खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर अपना लोहा मनवाते हुए उत्तर प्रदेश की टीम को ऐतिहासिक सफलता दिलाई है। 29 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक जम्मू-कश्मीर में आयोजित 17वीं जूनियर रोलबाल चैंपियनशिप में आगरा के खिलाड़ियों ने यूपी टीम का प्रतिनिधित्व किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों की टीमें मैदान में उतरीं, जहां मुकाबले बेहद कड़े और रोमांचक रहे।
लीग मैचों से ही उत्तर प्रदेश की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार बढ़त बनाई। क्वार्टर फाइनल में टीम ने गुजरात को 5-0 के एकतरफा स्कोर से शिकस्त देकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। सेमीफाइनल में मुकाबला और भी रोमांचक रहा, जहां यूपी टीम ने केरल को 9-5 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की।
फाइनल में उत्तर प्रदेश का सामना राजस्थान से हुआ। यह मुकाबला पूरे टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मैच साबित हुआ। दोनों टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अंततः यूपी टीम ने दूसरा स्थान हासिल करते हुए पिछले पांच वर्षों से चला आ रहा पदक जीतने का सपना पूरा कर लिया।
आगरा पहुंचने पर जोरदार स्वागत
चैंपियनशिप से लौटने पर आगरा रोलबाल एसोसिएशन की ओर से दहतोरा स्थित बोस्टन पब्लिक स्कूल में खिलाड़ियों और टीम कोच सुमित पाराशर का भव्य स्वागत किया गया। तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से भरे माहौल में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
टीम कोच सुमित पाराशर ने इस उपलब्धि को बच्चों की मेहनत और टीम वर्क का परिणाम बताते हुए कहा कि हमारे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और आपसी सामंजस्य ने आज हमारे कई सालों के सपनों को साकार कर दिया है। यह सफलता आगरा के रोलबाल के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
इस अवसर पर एकेडमी के अन्य खिलाड़ी, उनके अभिभावक और रोलबाल एसोसिएशन के पदाधिकारी रविन्द्र कपिल, मनोज पाठक, डॉ. डीवी पचौरी, अश्वनी गौतम, पिंटू सिंह, अतुल कुलश्रेष्ठ, राजू मलिक एवं अंकिता सिंह भी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।