भक्ति भाव में डूबा आगरा: राम नाम संकीर्तन से गूंजा शहर, अंजनी माता के डोले पर बरसी आस्था
आगरा। श्री हनुमंत जन्मोत्सव से पहले शहर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। एक ओर जहां राम नाम संकीर्तन और भजन संध्या में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूम उठे, वहीं दूसरी ओर अंजनी माता के डोले के नगर भ्रमण में पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। धार्मिक आयोजनों ने पूरे शहर को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया।
राम नाम की धुन पर झूमे श्रद्धालु, भजन संध्या में बही भक्ति की गंगा
सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क मंदिर में तपस्या फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित श्री राम नाम संकीर्तन एवं भजन संध्या में श्रद्धालुओं ने भक्ति का अनुपम अनुभव किया। कार्यक्रम स्थल पर विशेष “राम उपवन” सजाया गया, जिसमें संस्थापक अध्यक्ष पूजा खिलवानी ने प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र को अपनी कला के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, मेयर हेमलता दिवाकर, लायंस क्लब इंटरनेशनल के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, संस्थापक अध्यक्ष पूजा खिलवानी, संरक्षक नितिन कोहली एवं आचार्य पंडित सुनील कुमार वशिष्ठ द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
पूजा खिलवानी ने कहा कि हनुमान जी भक्ति, शक्ति और समर्पण के प्रतीक हैं, जिनका जीवन हर व्यक्ति को सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाता है। संरक्षक नितिन कोहली ने राम नाम संकीर्तन को आत्मा की शांति और संतुलन का माध्यम बताया।
भजन गायक पंडित मोहन शर्मा ने जय हनुमान ज्ञान गुण सागर..., राम सिया राम..., पवन तनय संकट हरन....जैसे भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। पूरा परिसर जय श्री राम और जय बजरंगबली के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर अभिनव मौर्या, सचिन चतुर्वेदी, परमवीर चाहर, सुभाष मिड्डा, हृदयेश वनवानी, आस्था वनवानी, अनु ग्वालानी, अंकित मौर्य, उत्तम दिवाकर, मुकेश नेचुरल आदि उपस्थित रहे। व्यवस्थाएं मोहित दिवाकर, प्रियंका अग्रवाल, दिव्यांश सक्सैना, प्रभात सोनी ने संभाली।
अंजनी माता के डोले पर पुष्प वर्षा, नगर भ्रमण में उमड़ी श्रद्धा

मां अंजनी धाम महोत्सव समिति द्वारा मंगलवार को निकाले गये अंजनी माता के डोले की एक झलक।
मां अंजनी धाम महोत्सव समिति द्वारा हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अंजनी माता का भव्य डोला नगर भ्रमण के लिए निकाला गया। सेब का बाजार से प्रारंभ हुई यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई फुलट्टी चौक स्थित प्राचीन मां भगवती मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
मुख्य अतिथि महंत गोपी गुरु ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संस्थापक कमल शर्मा पप्पू ने बताया कि पंच दिवसीय उत्सव की शुरुआत अंजनी माता के डोले के साथ की गई है।
सामाजिकसेवी नवीन चंद्र शर्मा ने पुष्प वर्षा कर डोले का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम अध्यक्ष एडवोकेट संजीव अग्रवाल ने जानकारी दी कि आगामी दिनों में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें उज्जैन के राजा महाकाल की पालकी, 651 किलो फलों का डोला, हरियाणा की महाकाली, दिल्ली के अघोरी महाकाल की झांकी, इस्कॉन रॉक बैंड सहित 40 झांकियां और सात बैंड आकर्षण का केंद्र होंगे।
महामंत्री ऋषि मित्तल ने बताया कि 4 अप्रैल को अंजनी धाम पर 1100 दीपों से भव्य महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
इस दौरान संयोजक राम टंडन, राकेश भटनागर, विजय कपूर, रविंद्र शर्मा, विपुल शर्मा, अपूर्व शर्मा, प्रवीण कुमार, शिवम् वर्मा, अर्जुन सिंह, निखिल गुप्ता, भारत भूषण, राधेश्याम राठौर, अनुग्रह अवस्थी, नंद किशोर गोयल, वरुण धूपड़, नवनीत कुलश्रेष्ठ, दीपक राठौर, पवन दिवाकर, अनिल अग्रवाल, शरद भारद्वाज, अमित शर्मा, कपिल नागर, सुधीर अरोरा, मदन लाल शर्मा, डॉ. एसपी सिंह, संजय कपूर आदि उपस्थित रहे।