आगरा मेट्रो: इस साल के अंत तक एमजी रोड से हटा दिए जाएंगे बैरिकेड्स

आगरा। आगरा मेट्रो परियोजना के अंतर्गत एमजी रोड पर चल रहे सिविल निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में हैं। यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने स्पष्ट किया है कि वर्ष के अंत तक एमजी रोड से सभी बैरिकेड्स हटा दिए जाएंगे, जिससे इस प्रमुख मार्ग पर यातायात को नया जीवन मिलेगा।

Aug 2, 2025 - 19:55
 0
आगरा मेट्रो: इस साल के अंत तक एमजी रोड से हटा दिए जाएंगे बैरिकेड्स

मेट्रो साइट टीम ने यह फैसला यात्रियों को हो रही असुविधाओं को कम करने के उद्देश्य से लिया है। शुरुआत में यातायात संचालन को बनाए रखने के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग के प्रयोग की योजना थी, लेकिन इससे निर्माण प्रक्रिया में रुकावटें आने लगीं। परिणामस्वरूप मेट्रो ने बैरिकेड्स हटाने के लिए सिविल कार्यों में तेजी लाने की रणनीति अपनाई है।

चौबीसों घंटे ट्रैफिक मार्शल, 9 रिग मशीनें कर रहीं काम

संजय प्लेस से आगे तक कार्य को पूरा करने के लिए 9 रिग मशीनें लगातार सक्रिय हैं, ताकि सिविल वर्क तय समय से पहले खत्म हो सके। इसके अतिरिक्त सभी प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक मार्शल तैनात किए गए हैं, जो सुगम यातायात को सुनिश्चित कर रहे हैं।

जलभराव व गड्ढों से राहत

निर्माण क्षेत्रों में जलभराव को रोकने के लिए सड़क की सतह से नियमित जल निकासी की व्यवस्था की गई है। साथ ही, एमजी रोड पर बने गड्ढों को भरने का कार्य भी प्राथमिकता पर है। फुटपाथों पर कंक्रीट रैंप बनाए जा रहे हैं, ताकि दोपहिया वाहनों के लिए अलग रास्ता मिल सके।

ट्रैफिक साइनेज और समन्वय

आगरा मेट्रो नगर निगम एवं अन्य विभागों के साथ मिलकर सभी निर्माण स्थलों पर उपयुक्त साइनेज बोर्ड लगाने की प्रक्रिया में भी जुटी है। इससे आमजन को मार्ग परिवर्तन की जानकारी पहले से मिल सकेगी और भ्रम की स्थिति नहीं बनेगी।

मेट्रो शुरू होते ही सुगम सफर

मेट्रो अधिकारी बताते हैं कि एमजी रोड पर जगह की कमी से यातायात बाधित हो रहा है, मगर मेट्रो चालू होते ही यहां की स्थिति पूरी तरह बदल जाएगी। अब जहां आवागमन में 40-45 मिनट लगते हैं, मेट्रो आने के बाद वही सफर महज 10-15 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

यूपीएमआरसी ने आगरा को समयबद्ध और विश्व स्तरीय मेट्रो सेवा देने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

SP_Singh AURGURU Editor