आगरा मेट्रो निर्माण को और मिली रफ्तार, खंदारी से सिकंदरा तक 506 पाइल का काम पूर्ण

आगरा। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर में निर्माण कार्य को नई गति देते हुए खंदारी से सिकंदरा तक के ऐलिवेटेड हिस्से में 506 पाइल का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह निर्माण मेट्रो सेवा को मनःकामेश्वर से आईएसबीटी तक विस्तारित करने के संकल्प की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Jul 13, 2025 - 20:50
 0
आगरा मेट्रो निर्माण को और मिली रफ्तार, खंदारी से सिकंदरा तक 506 पाइल का काम पूर्ण
आगरा मेट्रो के खंदारी से सिकंदरा तक पूर्ण हुए पाइल वर्क की एक झलक।

-यूपी मेट्रो का लक्ष्य इस वर्ष श्रीमनःकामेश्वर से आईएसबीटी तक शुरू हों यात्री सेवाएं

तेजी से हो रहा ऐलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण

प्रथम कॉरिडोर के शेष ऐलिवेटेड सेक्शन में कुल 654 पाइल, 150 पाइलकैप और 150 पियर (पिलर) के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक इनमें से  506 पाइल 87 पाइलकैप और 74 पियर का निर्माण पूरा कर लिया गया है।

इसके साथ ही 50 पियरकैप और 78 यू गर्डर का परिनिर्माण भी संपन्न हो चुका है। इस सेक्शन में कुल 124 पियरकैप और 272 यू गर्डर बनाए जाने हैं, जिनका निर्माण अरतौनी स्थित कास्टिंग यार्ड में किया जा रहा है।

यू गर्डर लॉन्चिंग का कार्य भी हुआ तेज

पाइल व पियर निर्माण के साथ-साथ अब यू गर्डर लॉन्चिंग का कार्य भी तीव्र गति से किया जा रहा है, जिससे मेट्रो ट्रैक के ढांचे को अंतिम रूप देने में मदद मिल रही है। अरतौनी कास्टिंग यार्ड में इन स्ट्रक्चर्स की तैयारियों को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि निर्माण में किसी प्रकार की देरी न हो।

भूमिगत सेक्शन में भी तेजी से काम

यूपी मेट्रो द्वारा ताज ईस्ट गेट से मनःकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो संचालन पहले से किया जा रहा है। इसके आगे शेष भूमिगत सेक्शन में टनल निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और अब ट्रैक बिछाने तथा अन्य सिस्टम्स (इलेक्ट्रिकल, सिग्नलिंग आदि) का कार्य तेजी से चल रहा है।
भूमिगत कॉरिडोर के चारों स्टेशन – आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आगरा कैंट और आईएसबीटी का सिविल वर्क पहले ही पूरा किया जा चुका है। वर्तमान में इन स्टेशनों की फिनिशिंग और इंटीरियर कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा किया जा रहा है।

यूपी मेट्रो की प्रतिबद्धता

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन का लक्ष्य है कि इस वर्ष के अंत तक मनःकामेश्वर से आईएसबीटी तक मेट्रो सेवाएं शुरू कर दी जाएं। इसके लिए तकनीकी और निर्माण स्तर पर हर कार्य को समयबद्ध रूप से अंजाम दिया जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor