महर्षि अरविंदो और श्री मां के संदेशों से गूंजा आगरा- शांति, आध्यात्मिकता और चेतना जागरण का अनुपम उत्सव

आगरा। मानव चेतना के उत्थान, शांति और आध्यात्मिक दिव्यता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार सायं श्री अरविंद सोसायटी आगरा शाखा द्वारा ब्लिस इंस्टिट्यूट ऑफ योग सभागार, खेरिया मोड़ में पांडिचेरी स्थित श्री अरविंद आश्रम की आध्यात्मिक सह-संस्थापक श्री मां (मिरा अल्फासा) का जन्मदिवस समारोह श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री मां के जीवन, साधना और मानवता के लिए उनके योगदान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।

Feb 21, 2026 - 21:34
 0
महर्षि अरविंदो और श्री मां के संदेशों से गूंजा आगरा- शांति, आध्यात्मिकता और चेतना जागरण का अनुपम उत्सव
खेरिया मोड़ स्थित ब्लिस इंस्टिट्यूट ऑफ योग सभागार में श्री अरविंद सोसायटी आगरा शाखा द्वारा आयोजित श्री माँ के जन्मदिवस समारोह का दीप जलाकर शुभारंभ करतीं विधायक पत्नी श्रीमती अनीता कुशवाह, समाजसेवी श्रीमती कांता माहेश्वरी एवं अन्य।

समारोह का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि समाजसेविका कांता माहेश्वरी एवं विधायक-पत्नी अनीता कुशवाह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि अरविंदो के साथ श्री मां ने जगत कल्याण के लिए शांति, आध्यात्मिकता और दिव्यता का जो मार्ग प्रशस्त किया, वह आज भी मानव समाज के लिए मार्गदर्शक है।

गर्भाधान संस्कार से चेतना निर्माण की पहल

विशिष्ट अतिथि कांता माहेश्वरी ने श्री अरविंद सोसायटी आगरा शाखा के गर्भाधान संस्कार प्रकल्प पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक चेतना को उन्नत कर दंपति द्वारा गर्भ धारण की प्रक्रिया ही गर्भाधान संस्कार है, जिससे स्वस्थ और संस्कारवान पीढ़ी का निर्माण संभव है।

संस्था की गतिविधियां और ग्राम विकास योजना

श्री अरविंद सोसायटी आगरा शाखा के अध्यक्ष आलोक कुलश्रेष्ठ ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। स्वागत भाषण के उपरांत डॉ. सुनीता गर्ग ने नगला इमली में प्रारंभ किए जाने वाले ग्राम विकास कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वहां ग्रामीण बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आध्यात्मिक जागरूकता और खेती-बाड़ी की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

समग्र स्वास्थ्य और चेतना जागरण पर जोर

बायोकेमेस्ट्री की प्रोफेसर डॉ. वीना गुप्ता ने संस्था के समग्र स्वास्थ्य प्रकल्प की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक मानव शरीर में ईश्वर प्रदत्त प्राकृतिक हीलिंग क्षमता होती है, जिसका सही उपयोग दवाओं पर निर्भरता और उनके दुष्प्रभावों को कम कर सकता है।
डॉ. रेणुका मित्तल ने गर्भाशय स्वास्थ्य को सुदृढ़ रखने पर बल देते हुए कहा कि गर्भधारण से पूर्व शारीरिक, मानसिक और पारिवारिक वातावरण का संतुलन अत्यंत आवश्यक है।
वहीं डॉ. अन्विता गर्ग ने कहा कि ध्यान, योग और सकारात्मक सोच से समाज की आधी बीमारियां स्वतः समाप्त हो सकती हैं।

ध्यान, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में आयोजित सामूहिक ध्यान ने उपस्थित जनों को मानसिक शांति प्रदान की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कविता कुलश्रेष्ठ, पंडित मोहित सक्सेना, सुप्रसिद्ध संगीतज्ञ आंश्वना सक्सेना एवं पूजा तोमर के सुमधुर भजनों ने वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। पावनी शर्मा की नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. योगिता शर्मा ने आभार व्यक्त किया तथा साहित्यकार अशोक अश्रु ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।
इस अवसर पर सुषमा अग्रवाल, डॉ. पार्थ गर्ग, मानसी, डॉ. रमेश आनंद, जाग्रति, बुशरा, सचिन गोयल और योगेश सहित बड़ी संख्या में साधक, बुद्धिजीवी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor