आगरा में युवती ने बुखार की गोलियां खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला तो पुलिस आत्महत्या की आशंका में उसके घर जा पहुंची, सब कुछ ठीकठाक मिला तो ली राहत की सांस

सोशल मीडिया पर आगरा की एक युवती ने एक वीडियो अपलोड किया तो इलाका पुलिस घबरा गई। आत्महत्या के प्रयास का मामला समझ पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बिना देर किए युवती के घर पहुंच गई तो वहां पता चला कि युवती ने शौक-शौक में वीडियो अपलोड कर दिया था। बाद में पुलिस ने युवती की काउंसलिंग की और आगे से ऐसा न करने की हिदायत भी दी। 

Dec 23, 2025 - 11:46
Dec 23, 2025 - 11:47
 0
आगरा में युवती ने बुखार की गोलियां खाने का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला तो पुलिस आत्महत्या की आशंका में उसके घर जा पहुंची, सब कुछ ठीकठाक मिला तो ली राहत की सांस
उस वीडियो की एक इमेज जिसे युवती ने सोशल मीडिया पर अपलोड किया था।

आगरा। थाना बसई अरेला क्षेत्र के एक गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब यहां पुलिस दौड़ते हुए एक युवती के घर पहुंची। दरअसल 19 वर्षीय युवती द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला गया था, जिसमें वह एक साथ कई गोलियां खाते हुए दिखाई दे रही थी। वीडियो में पृष्ठभूमि में एक भावुक गाना भी चल रहा था, जिसके बोल थे— कोई मेरा नाम न लेना, ओ जीते जी मैं मर जाऊं…

वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस तक सूचना पहुंची। मामला आत्महत्या के प्रयास से जुड़ा होने की आशंका पर पुलिस टीम तत्काल युवती के घर पहुंची। पुलिस ने युवती से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया और उसकी काउंसलिंग की।

युवती ने पुलिस को बताया कि उसे बुखार आ गया था और उसी के इलाज के लिए उसने गोलियां खाई थीं। उसने कहा कि उसने सिर्फ वीडियो बना लिया था, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि यह बात पुलिस तक पहुंच जाएगी। युवती ने स्पष्ट किया कि उसका आत्महत्या करने का कोई इरादा नहीं था और न ही भविष्य में ऐसा कुछ करने का विचार है। उसने यह भी कहा कि उसे किसी तरह की मानसिक या पारिवारिक परेशानी नहीं है।

पुलिस द्वारा समझाने और परामर्श के बाद स्थिति सामान्य पाई गई। युवती के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना की। युवती के भाई ने कहा कि जिस तेजी और संवेदनशीलता के साथ पुलिस ने कार्रवाई की, वह काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने बताया कि बहन ने बचपने में आकर ऐसा वीडियो बना लिया, जिससे अनावश्यक चिंता और पुलिस को परेशानी हुई।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो गंभीर भ्रम और डर पैदा कर सकते हैं। ऐसे मामलों में तुरंत सूचना मिलना जरूरी होता है, ताकि समय रहते सही कदम उठाए जा सकें। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करें और भावनात्मक या स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में परिवार व चिकित्सकों से सीधे संवाद करें।

SP_Singh AURGURU Editor